रायपुर (खबरगली) राजधानी के सराफा व्यापारियों ने रायपुर को देश का प्रमुख जेम्स एंड ज्वेलरी हब बनाने की दिशा में पंडरी स्थित पुराने बस स्टैंड परिसर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क विकसित करने की मांग की है।
रायपुर सराफा एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हरख मालू के नेतृत्व में व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर इस संबंध में विस्तृत प्रस्ताव सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि प्रस्तावित स्थल शासकीय भूमि पर स्थित है। इसलिए भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता नहीं होगी।
राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और नवा रायपुर से बेहतर कनेक्टिविटी के कारण यह स्थान व्यापारिक गतिविधियों के लिए उपयुक्त है। हॉलमार्किंग, रिफाइनरी, डिजाइन सेंटर और प्रशिक्षण संस्थान जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से कारोबार को बढ़ावा मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317 से जुड़े मामलों में बिहार में लागू मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) को छत्तीसगढ़ में भी लागू करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में उत्तम पुखराज गोलछा, देवेंद्र सोनी, प्रमित नियोगी, अनिल बुरड़, रविकांत लुक्कड़, रमेश पारख शामिल थे।
- Log in to post comments