
पार्टी नेतृत्व ने आधे वोट किए खारिज
रायपुर (khabargali) प्रदेश युवक कांग्रेस संगठन चुनाव में उम्मीदवारों द्वारा ऑनलाइन फर्जी सदस्यता अभियान चलाये जाने के खुलासे से हडकंप मच गया है। पार्टी नेतृत्व ने भी कड़ा एक्शन लेते हुए करीब 9 लाख ऐसे सदस्यों के वोट खारिज कर दिए हैं। वैसे छत्तीसगढ़ में 17 लाख सदस्य बनाये जाने से ही समझ आ रहा था कि कहीं न कहीं कुछ गोलमाल है।
आनलाइन सदस्यता अभियान में हर चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशी ने एड़ी चोटी का जोर लगा दिया था। काफी खर्चीला चुनाव था यह बात भी सामने आयी वैसे एक वोट के लिए 50 रुपए सदस्यता शुल्क था। जिम्मेदार पदाधिकारियों ने कहा है कि वैध वोटर्स ही पार्टी के सदस्य होंगे जिनका मिलान असली वोटर आईडी से किया जा रहा है। वहीं जीत के लिए सब कुछ झोंकने वाले प्रत्याशियों को तगड़ा झटका लगा है। पिछले दिनों एक स्थानीय दैनिक अखबार ने भी इस मसले को उछाला था। जानकारी के अनुसार युकां सदस्यता के लिए 50 रुपये की फीस रखी गई थी। सदस्यता करने के साथ ही आनलाइन फीस जमा करना था। युकां पदाधिकारियों ने बताया कि सदस्यता अभियान में आठ सेकेंड का वीडियो बनाना था। इसमें भी बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई।युकां के छत्तीसगढ़ में देश में सबसे ज्यादा सदस्य बने थे। बताया जा रहा है कि एक जिले में एक लाख 22 हजार सदस्य बने, जिसमें गलत तरीके से सदस्यता के कारण 84 हजार सदस्यता को रिजेक्ट कर दिया गया।
12 मई से 12 जून तक युवक कांग्रेस के सदस्यता अभियान के साथ एप के माध्यम से चुनाव चला। हर पद के लिए कई प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों ने पूरे मामले में चुप्पी साध ली है। छत्तीसगढ़ में युवा कांग्रेस के एक प्रदेश अध्यक्ष, 8 उपाध्यक्ष, 45 महासचिव, 41 शहर अध्यक्ष और 90 विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव के लिए वोटिंग हो चुकी है। पहली बार राज्य में युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों का चुनाव ऑनलाइन किया गया। 12 मई से 12 जून तक ऑनलाइन वोटिंग की गई। इसके बाद टॉप स्कोरर का दिल्ली में इंटरव्यू होगा। फिर छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस की घोषणा होगी। छत्तीसगढ़ में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष समेत कई पदों के लिए चुनाव किया जा रहा है.
- Log in to post comments