बिलासपुर (खबरगली) बिलासपुर जिले में 3 साल की बच्ची के सिर में स्टील की गगरी इस तरह फंस गई कि चेहरा और गर्दन जकड़ गए। परिवार की घबराहट के बीच सिम्स पहुंची इस नन्हीं जान को डॉक्टरों ने अपनी कुशलता से नई राहत दी और एक बड़ा हादसा टल गया।
मिली जानकारी के अनुसार, एक 3 वर्षीय बच्ची खेलते-खेलते स्टील की गगरी में अपना सिर डाल बैठी। शुरुआत में यह एक मासूम खेल जैसा लगा, लेकिन कुछ ही पलों में स्थिति भयावह हो गई। घबराए परिजन तुरंत बच्ची को सिम्स लेकर पहुंचे। इमरजेंसी विभाग में पहुंचते ही डॉक्टरों ने मामले की गंभीरता को समझा और बिना समय गंवाए इलाज शुरू किया।
सिम्स में सावधानी से काटी गई गगरी
डॉ. बी.डी. तिवारी के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम ने अत्यंत सावधानी के साथ ऑपरेशन जैसी प्रक्रिया को अंजाम दिया। विशेष उपकरणों की मदद से स्टील की गगरी को काटा गया, ताकि बच्ची को किसी प्रकार की गंभीर चोट न पहुंचे। पूरी प्रक्रिया के दौरान हर सेकंड चुनौती भरा था।
एक छोटी-सी चूक भी बच्ची के लिए खतरा बन सकती थी, लेकिन डॉक्टरों की सूझबूझ और अनुभव ने स्थिति को संभाल लिया। आखिरकार गगरी को सुरक्षित निकाल लिया गया और बच्ची ने राहत की सांस ली। बच्ची की हालत अब पूरी तरह सामान्य है।
- Log in to post comments