बीजापुर (खबरगली) नेशनल हाईवे-63 पर पांडेमुर्गा के जंगल में दो करोड़ रुपए के सोने-चांदी की लूट की खबर ने पुलिस महकमे को अलर्ट कर दिया। शिकायत थी कि तीन हथियारबंद बदमाशों ने पिस्टल और चाकू दिखाकर व्यापारी का बैग लूट लिया। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जिले की सीमाओं पर नाकेबंदी कराई। तीन विशेष टीमें मैदान में उतारी गईं। सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। करीब 16 घंटे तक पुलिस कथित लुटेरों की तलाश में जुटी रही, लेकिन जांच के दौरान एक ऐसी बात सामने आई जिसने पूरे मामले की दिशा बदल दी।
पूछताछ में दो करोड़ की लूट की कहानी फर्जी निकली
कथित तौर पर लूटे गए तीनों मोबाइल फोन जंगल में एक ही जगह सुरक्षित और चालू हालत में मिल गए। इसके बाद पुलिस का शक गहराया और पूछताछ में दो करोड़ की लूट की कहानी फर्जी निकली। पुलिस के अनुसार, गीदम निवासी स्वरूप सोनी भैरमगढ़ में सोने-चांदी की दुकान संचालित करता है। 9 नवंबर को शाम करीब 6 बजे वह कपड़ा व्यापारी ललित बुरड़ और वाहन चालक देवेंद्र ठाकुर के साथ तूफान वाहन से गीदम लौट रहा था। शाम करीब 6.45 बजे तीनों ने नेलसनार थाने पहुंचकर शिकायत की कि पांडेमुर्गा के आसपास जंगल में तीन अज्ञात लोगों ने हथियार दिखाकर करीब दो करोड़ रुपए कीमत के सोने-चांदी, नकदी और मोबाइल लूट लिए हैं।
तीन थानों की टीम ने की जांच
मामले के खुलासे में एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में एएसपी राहुल बंसल और एसडीओपी भैरमगढ़ नवीन एक्का के निर्देशन में तीन टीमें जुटी रहीं। इनमें बीजापुर कोतवाली प्रभारी दुर्गेश शर्मा, भैरमगढ़ थाना प्रभारी गिरीश तिवारी और नेलसनार थाना प्रभारी विवेकानंद पटेल शामिल थे। एसपी ने आम लोगों से अपील की है कि पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी शिकायत या सूचना न दें। ऐसी हरकतों पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
- Log in to post comments
