रायपुर (खबरगली) खम्हारडीह इलाके में रहने वाले सराफा कारोबारी के घर से रसोइया लाखों के जेवर चुराकर फरार हो गया। इसकी जानकारी दिवाली में पूजा के लिए जेवर निकालने पर हुआ। मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पुलिस के मुताबिक पदमेश दुबे का सोने-चांदी के जेवर का कारोबार है। उनके घर की अलमारी के लॉकर से पिछले कुछ समय से गहने और नकदी गायब हो रहे थे। 6 नवंबर को धनतेरस के दिन पूजा के लिए जब आभूषण निकाले गए, तो कुछ सामान कम मिला। इसके बाद परिवार को चोरी की आशंका हुई। उन्होंने अपनी माताजी के कमरे और अलमारी के सामने दो सीसीटीवी कैमरे लगाए, जिसकी जानकारी परिवार के तीन सदस्यों के अलावा किसी को नहीं थी।
15 नवंबर की शाम करीब 5.30 बजे पदमेश के माता और छोटे भाई फिल्म देखने गए थे, जबकि पदमेश जिम गए हुए थे। रसोइया बबलू मिश्रा रोज की तरह खाना बनाने आया और वापस चला गया।
घर लौटने पर जब लॉकर चेक किया गया, तो कुछ सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब थे। सीसीटीवी फुटेज देखने पर बबलू अलमारी से सामान निकालते हुए दिखा। चोरी हुए सामान में कुल 51 ग्राम सोना, 3620 ग्राम चांदी और 22 हजार रुपए नकदी शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत 15 लाख रुपए है। इसकी शिकायत पर खम्हारडीह पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की है।
- Log in to post comments
