रायगढ़ (खबरगली) मां शिवा प्लांट में हुए भीषण औद्योगिक हादसे के बाद एक दुखद खबर सामने आई है। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे दो श्रमिकों की इलाज के दौरान मौत हो गई है। मृतकों की पहचान प्रमोद सोनी और चौखट सिंह के रूप में हुई है। दोनों को बेहतर उपचार के लिए चार दिन पहले ओपी जिंदल फोर्टिस अस्पताल से रायपुर रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
गंभीर हालत में किया गया था रेफर
हादसे में कई श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए थे। प्रमोद सोनी और चौखट सिंह की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ओपी जिंदल फोर्टिस अस्पताल से रायपुर के एक विशेष अस्पताल में रेफर किया गया था। डॉक्टरों की लगातार कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
तीन श्रमिकों का इलाज जारी
वहीं हादसे में घायल अन्य तीन श्रमिकों गुड्डू कुमार, चतुर यादव और शनिराम राठिया का उपचार अभी भी ओपी जिंदल फोर्टिस अस्पताल में चल रहा है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार तीनों की स्थिति पर डॉक्टरों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
- Log in to post comments