रायपुर (खबरगली) मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को रायपुर के तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन को लेकर उत्पन्न भ्रम को स्पष्ट किया है। मीडिया से चर्चा करते हुए सीएम ने कहा कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जा रहा है और न ही उसके मूल स्वरूप के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के तहत विकसित किए जाने की घोषणा की गई है। इनमें रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है। उन्होंने कहा कि इसे लेकर किसी को भी भ्रम में नहीं रहना चाहिए। तेलीबांधा चौक का नाम यथावत रहेगा।
कांग्रेसी ठीक से सुनें घोषणा
दुर्ग में मीडिया से चर्चा करते हुए सीएम ने कहा कि कोई चौक-चौराहे का नाम बदला नहीं गया है। मैं विपक्ष से और कांग्रेसियों से कहना चाहूंगा इतना मत बौखलाएं, थोड़ा शांति रखें और हम लोग क्या बोलते हैं, क्या घोषणा करते हैं, उसको थोड़ा ठीक से सुन लें।
यह है मामला
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर राजधानी में भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई थी। इसमें सीएम ने तेलीबांधा सहित 38 स्थानों पर सेवा ज्योति संकल्प चौके निर्माण की घोषणा की। इसके बाद यह मैसेज गया कि तेलीबांधा चौका का नाम बदला जा रहा है। इसे लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू सहित साहू समाज ने कड़ी आपत्ति जताई थी।
- Log in to post comments
