बिलासपुर (खबरगली) सरकारी राशन वितरण व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। शासन ने राशन वितरण को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के लिए नई गाइडलाइन जारी की है।
अब ओटीपी के माध्यम से राशन लेने की व्यवस्था को सीमित करते हुए बायोमैट्रिक सत्यापन को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं, 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग, दिव्यांग, गंभीर रूप से बीमार अथवा उचित मूल्य दुकान तक नहीं पहुंच पाने वाले हितग्राही अपने स्थान पर अधिकृत नॉमिनी (उत्तराधिकारी) नियुक्त कर सकेंगे।
जिला खाद्य अधिकारी अमृत कुजूर ने बताया कि पात्र हितग्राहियों से स्वयं दुकान पहुंचकर बायोमैट्रिक सत्यापन के बाद राशन लेने की अपील की गई है। नॉमिनी का पंजीकरण होने के बाद वह अपने बायोमैट्रिक सत्यापन के जरिए संबंधित हितग्राही का राशन प्राप्त कर सकेगा। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ाना और किसी भी प्रकार की अनियमितता या दुरुपयोग की संभावना को समाप्त करना है।
- Log in to post comments