रायपुर (खबरगली ) महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर राजधानी के चौबे कॉलोनी स्थित श्री चिंताहरण हनुमान मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। प्रतिवर्ष की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी मंदिर समिति द्वारा भव्य सुंदरकांड पाठ, भजन संध्या और मनमोहक झांकियों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महादेव का आशीर्वाद लिया।
भजनों की सरिता में डूबे श्रद्धालु
भजन संध्या का मुख्य आकर्षण विख्यात गायक लल्लू महाराज एवं पार्टी की प्रस्तुति रही। उन्होंने 'मेरा भोला है भंडारी', 'दूल्हा बन के भोलेनाथ' और 'श्री राम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में' जैसे सुप्रसिद्ध भजनों से समां बांध दिया। भजनों की धुन पर भक्त खुद को झूमने से नहीं रोक पाए। हनुमान जी और शिव-पार्वती की जीवंत झांकियों ने भी लोगों का मन मोह लिया।
कोलकाता के फूलों से सजा दरबार
मंदिर परिसर की भव्यता देखते ही बन रही थी। विशेष रूप से कोलकाता के कारीगरों को बुलाकर पूरे मंदिर को आकर्षक विदेशी और देसी फूलों से सजाया गया था। सुबह से ही महादेव के रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।
भंडारे में उमड़ा जनसैलाब
आयोजन की जानकारी देते हुए रीना हेमंत जैन ने बताया कि शाम 5 बजे से ही सुंदरकांड और आरती का सिलसिला शुरू हो गया था। महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में फलाहार और आम भंडारे की व्यवस्था की गई थी, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इसी पावन दिन महादेव के विशालकाय 'अग्निलिंग' का उदय हुआ था और शिव-पार्वती का विवाह संपन्न हुआ था, जिसे राजधानी के भक्तों ने पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया।
तश्वीरों में देखें महाशिवरात्रि की धूम
- Log in to post comments