गेट परीक्षा में नकल करने के प्रयास के आरोप में छह लोग गिरफ्तार, कई नक़ल उपकरण बरामद

गेट परीक्षा में नकल करने के प्रयास के आरोप में छह लोग गिरफ्तार, कई नक़ल उपकरण बरामद खबरगली Six people arrested for attempting to cheat in GATE exam, several cheating equipment recovered Raipur chhattisgarh khabargali

रायपुर (खबरगली) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार को ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (गेट) परीक्षा में नकल करने की कोशिश करने के आरोप में कुछ अभ्यर्थियों सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि उनके पास से आठ मोबाइल फोन, चार ब्लूटूथ-सक्षम उपकरण, तीन ब्लूटूथ इयरपीस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए कुछ लोग परीक्षा दे रहे थे। उन्होंने बताया कि वे प्रश्नों को पढ़कर सुनाते थे, जबकि उनके साथी उत्तर ढूंढकर उन्हें वापस बताते थे।

गेट एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा है। यह परीक्षा अभ्यर्थियों की इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी, विज्ञान, वाणिज्य, कला, वास्तुकला और मानविकी जैसे विभिन्न स्नातक स्तरीय विषयों की व्यापक समझ का आकलन करती है। 

अधिकारी ने बताया, “एक गुप्त सूचना के आधार पर, पुलिस ने डीडी नगर पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत परीक्षा केंद्र के आसपास सावधानीपूर्वक निगरानी रखी। उन्होंने कुछ व्यक्तियों को संदिग्ध परिस्थितियों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाते हुए देखा।”

उन्होंने कहा कि उनसे नकल कराने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान, इन व्यक्तियों ने अपने उन साथियों के नाम बताए जो उस केंद्र पर गेट परीक्षा दे रहे थे।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने बाद में छुपाये गए ब्लूटूथ उपकरण बरामद किए, जिनका इस्तेमाल सवाल भेजने और बाहर से जवाब प्राप्त करने के लिए किया जाता था। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान दर्शन सहवाग, सुमित सहवाग, लक्ष्मी नारायण उर्फ ​​लकी, अमर, नरेंद्र कुमार और बंटी कुमार के रूप में हुई है, ये सभी हरियाणा के निवासी हैं।

अधिकारी ने बताया कि छह लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है।

Category