रायपुर (खबरगली ) साइबर अपराधों की जांच के दौरान व्यापारियों के बैंक खाते (म्यूल अकाउंट) ब्लॉक होने की बढ़ती समस्या को लेकर रायपुर सराफा एसोसिएशन और छत्तीसगढ़ सिल्वर होलसेल एसोसिएशन के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला से मुलाकात की। इस सार्थक बैठक में व्यापारियों ने खाते फ्रीज होने से व्यापार और दैनिक जीवन में आ रही गंभीर आर्थिक दिक्कतों से पुलिस प्रशासन को अवगत कराया।
व्यापार और वित्तीय दायित्व पूरी तरह प्रभावित
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर को बताया कि जब किसी व्यापारी का बैंक खाता ब्लॉक होता है, तो उसका पूरा व्यवसाय ठप हो जाता है। इसके कारण व्यापारी अपने जरूरी वित्तीय दायित्वों को पूरा नहीं कर पा रहे हैं, जिनमें शामिल हैं:
1. व्यापारिक लेन-देन रुकना
2. होम लोन और कार लोन की EMI अटकना
3.समय पर GST का भुगतान न हो पाना
4. सरकारी और अन्य आवश्यक भुगतानों का रुकना इन दिक्कतों के कारण व्यापारियों को भारी व्यावहारिक और आर्थिक मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस कमिश्नर ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन उनके सहयोग के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश के किसी भी हिस्से की पुलिस साइबर अपराधों को रोकने और पीड़ितों की डूबी हुई रकम को सुरक्षित रखने के लिए बैंक खातों को होल्ड या ब्लॉक कराती है।
जल्द आयोजित होगी साइबर जागरूकता कार्यशाला
व्यापारियों को साइबर ठगी और कानूनी प्रक्रियाओं से बचाने के लिए पुलिस कमिश्नर ने एक विशेष साइबर जागरूकता कार्यशाला आयोजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने इस कार्यशाला के लिए अपनी विशेष साइबर टीम भेजने की मंजूरी दी है और खुद भी इसमें मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की सहमति जताई है।
एडिशनल सीपी अमित कांबले से भी विस्तृत चर्चा
कमिश्नर से मुलाकात के बाद प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (एडिशनल सीपी) अमित तुकाराम कांबले से भी मुलाकात की। उन्होंने खाते ब्लॉक होने से उत्पन्न होने वाली व्यावहारिक परेशानियों के समाधान पर विस्तार से चर्चा की। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री अमित तुकाराम कांबले जी ने इस दिशा में हरसंभव सहयोग एवं प्रयास का आश्वासन दिया तथा ऐसी परिस्थितियों में 2 से 3 दिनों के भीतर खाता अनब्लॉक कराने की प्रक्रिया को संभव बनाने की दिशा में प्रयास करने की बात कही। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 100 प्रतिशत सुरक्षा की गारंटी संभव नहीं है, लेकिन व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
दोनों संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन के सकारात्मक रवैये एवं सहयोग के आश्वासन के लिए आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन को पूरा भरोसा दिलाया कि सराफा और चांदी व्यापारी साइबर अपराधों की रोकथाम और किसी भी तरह की जांच प्रक्रिया में पुलिस का हरसंभव सहयोग करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। यह मुलाकात व्यापारिक समुदाय एवं पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर संवाद, आपसी सहयोग एवं साइबर जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही।
मुलाकात में रायपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री धरम भंसाली , सचिव श्री जितेंद्र गोलछा, श्री विनय गोलछा तथा छत्तीसगढ़ सिल्वर होलसेल एसोसिएशन के सचिव श्री चंद्र प्रकाश गोलछा एवं श्री अभय कोठारी उपस्थित रहे। उपरोक्त जानकारी रायपुर सराफा एसोसिएशन सचिव जितेन्द्र गोलछा द्वारा दी गई।
- Log in to post comments