सतर्क रहें! टीकाकरण के लिए पंजीकरण के नाम पर हो रही ठगी

Fake khabargali

रायपुर (khabargali)। ऑनलाइन ठगी करने वाले जालसाजों ने देश के कई शहरों में कोरोना के नाम पर भी ठगी शुरू कर दी है। गिरोहबाज इतने शातिर हैं कि उन्होंने भारत सरकार के रजिस्ट्रेशन साइट से मिलती-जुलती साइट बना ली। उसी को देखकर लोग आधार व फोन नंबर के साथ बैंक की जानकारी ठगों को दे रहे हैं। ठग मोबाइल पर लिंक भेज रहे हैं, जिसे क्लिक करते ही खातों से पैसे निकल रहे हैं। देश के कई शहरों में इस फार्मूले से ठगी के बाद पुलिस ने अलर्ट जारी कर दिया है।

पैसा जमा करवाने वाले है फर्जी

पुलिस ने ठगों की पहचान करने के लिए कुछ टिप्स जारी किए हैं। उसके आधार पर ठगों की पहचान आसानी से की जा सकती है। पुलिस के अनुसार वैक्सीनेशन रजिस्ट्रेशन का हवाला देकर ठग ऑनलाइन पैसा जमा करवा रहे हैं। फोन पर संपर्क कर रजिस्ट्रेशन के लिए ओटीपी नंबर मांग रहे हैं। उसके बाद खातों में सेंध लगा रहे हैं। देश के कई शहरों में इस तरह की ठगी बढ़ने लगी है।

रायपुर सायबर सेल ने अलर्ट जारी किया

लोगों से अपील की गई है कि किसी भी लिंक में जाकर रजिस्ट्रेशन न कराएं। केवल केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की साइट में जाकर रजिस्ट्रेशन करें। वैक्सीन लगाने के लिए किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा। किसी भी साइट के जरिये अगर उनसे पैसे मांगे गए तो तुरंत समझ जाएं कि संबंधित साइट फर्जी है, जिसे ठग गिरोह ऑपरेट कर रहे हैं।

फर्जी लिंक से फंस रहे लोग

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन ठगी करने वाले जालसाज लोगों के फोन पर वैक्सीनेशन का रजिस्ट्रेशन करने फर्जी लिंक भेज रहे है। वह लिंक केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से जारी रजिस्ट्रेशन लिंक से मिलता जुलता है। लिंक भेजने के बाद ठग आधार, फोन नंबर और नाम के साथ खाते की जानकारी मांग रहे हैं। फिर ओटीपी के लिए फोन कर हैं। ओटीपी बताते ही खाते से पैसा निकल रहा है। ठगों ने इसके लिए अलग-अलग लिंक जारी किया है। कुछ लिंक में खाते की जानकारी डालते ही खातों से पैसा निकल रहा है।

ऐसे बच सकते हैं ठगी से

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकृत लिंक selfregistration.cowin.gov.in में ही जाकर रजिस्ट्रेशन करें। टीकाकरण निशुल्क है।

रजिस्ट्रेशन के लिए भी किसी तरह की फीस जमा करने की जरूरत नहीं है।

ओटीपी और आधार कार्ड नंबर किसी से भी शेयर न करें।

ड्रग अथॉरिटी ऑफ इंडिया नाम की कोई भी संस्था भारत में काम नहीं कर रही।

केवल डीसीजीआई ही कोविड-19 की वैक्सीन उपलब्ध कराने के लिए अधिकारिक संस्था है।

रजिस्ट्रेशन के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है।

यदि कोई ऐसा करता है तो www.cybercrime.gov.in या टोल फ्री नंबर 155260 इसकी शिकायत करें।