जशपुर (खबरगली) एक तरफ शोकसभा से लौट रहे थे, दूसरी ओर खुद मातम बनकर लौटे। टिकैतगंज क्षेत्र में रविवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने इंसानियत और व्यवस्था दोनों पर सवाल खड़े कर दिए। दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहे तीन ग्रामीणों की बाइक हादसे का शिकार हो गई, जिसमें पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा साथी गंभीर हालत में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
इस हादसे की सबसे भयावह तस्वीर यह रही कि तीनों पूरी रात सडक़ किनारे पड़े रहे, दो की मौत हो चुकी थी, जबकि एक घायल तड़पता रहा, लेकिन मदद के लिए कोई नहीं पहुंचा। सुबह राहगीरों की नजर पड़ी, तब जाकर घटना सामने आई।