रायपुर (खबरगली) देश में ऑनलाइन व्यापार के बढ़ते प्रभाव और ई-कॉमर्स कंपनियों की ओर से दी जा रही भारी छूट के विरोध में 20 मई को मेडिकल व्यापार बंद रहेगा। छत्तीसगढ़ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के इस प्रस्तावित बंद को कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने भी अपना समर्थन दिया है।
कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन अमर पारवानी ने बताया कि बैठक में विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने दवा व्यापारी संगठनों को नैतिक समर्थन प्रदान किया। बैठक में यह स्पष्ट रूप से कहा गया कि यह केवल दवा व्यापार का विषय नहीं बल्कि देश के समस्त पारंपरिक व्यापार, छोटे व्यापारियों एवं स्थानीय बाजार व्यवस्था के संरक्षण का विषय है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय कृपलानी ने बताया कि बैठक में उपस्थित व्यापारिक संगठनों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऑनलाइन कंपनियों द्वारा लगातार दी जा रही भारी छूट, अनियंत्रित डिस्काउंट संस्कृति एवं असमान व्यापारिक प्रतिस्पर्धा के कारण पारंपरिक व्यापार गंभीर संकट का सामना कर रहा है। यदि समय रहते समान व्यापारिक व्यवस्था एवं पारदर्शी नीति लागू नहीं की गई तो आने वाले समय में देश का पारंपरिक व्यापार गंभीर चुनौतियों के दौर से गुजर सकता है।
- Log in to post comments