नई दिल्ली (खबरगली) भारत में मेडिकल कोर्स में प्रवेश के लिए सबसे जरूरी परीक्षा NEET UG है. लाखों छात्र इस परीक्षा के लिए हर साल कठिन मेहनत करते हैं, लेकिन हाल ही में 3 मई 2026 को होने वाली NEET UG 2026 परीक्षा रद्द कर दी गई. इस बार परीक्षा रद्द होने का मुख्य कारण पेपर लीक था. परीक्षा से ठीक पहले एक गेस पेपर वायरल हुआ, जिसमें लगभग 125 सवाल असली NEET पेपर से मिल रहे थे. इससे परीक्षा की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठे. सरकार और राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने इस स्थिति को गंभीर मानते हुए परीक्षा को रद्द करने का फैसला किया.
हर वर्ष देशभर से लगभग 20 से 24 लाख छात्र इस परीक्षा में भाग लेते हैं.यह परीक्षा National Testing Agency (NTA) द्वारा आयोजित की जाती है और इसके माध्यम से MBBS, BDS तथा अन्य मेडिकल कोर्सों में दाखिला मिलता है. लेकिन पिछले कुछ वर्षों में यह परीक्षा लगातार विवादों के केंद्र में रही है. पेपर लीक के आरोप, सॉल्वर गैंग की सक्रियता, फर्जी उम्मीदवारों की पहचान, OMR शीट में गड़बड़ी और कोचिंग नेटवर्क की भूमिका जैसे मुद्दों ने इस परीक्षा की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. मामला सिर्फ एक परीक्षा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह पूरे परीक्षा तंत्र की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न बन गया है. ऐसे में आइए जानते हैं कि 2014 से अब तक कितने पेपर लीक हो चुके हैँ,साथ ही NEET UG 2026 रद्द होने का पूरा मामला क्या है.
NEET UG 2026 रद्द होने का कारण
NEET UG 2026 के मामले में, परीक्षा से पहले एक गेस पेपर सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर वायरल हुआ. जांच में पता चला कि इसमें लगभग 125 सवाल असली पेपर से मेल खाते थे. सरकार और NTA ने छात्रों की सुरक्षा और निष्पक्षता को ध्यान में रखते हुए परीक्षा रद्द कर दी. इस मामले में छात्रों को फिर से रजिस्ट्रेशन करने की जरूरत नहीं होगी, और कोई अतिरिक्त फीस भी नहीं ली जाएगी. पहले जमा की गई फीस वापस कर दी जाएगी. नई परीक्षा की तारीख जल्द ही NTA की वेबसाइट पर घोषित की जाएगी. सरकार ने इस मामले की जांच CBI को सौंप दी है.
गठन के बाद से ही एनटीए रहा बदनाम
2017 में अपने गठन के बाद पिछले नौ साल में एनटीए पेपर लीक और लापरवाही का एक चमकता हुआ उदाहरण बन चुका है. कई प्रश्नपत्र छपाई के दौरान लीक हो जाते हैं, कभी परिवहन के दौरान और कुछ मामलों में तो पेपर बनाने वाले ने ही प्रश्नपत्र लीक कर दिया। इतना ही नहीं, हद तो यह हो गई जब एनटीए महानिदेशक ने छात्रों से खुद अपील की कि अगर प्रश्नपत्र लीक हो जाए तो वे तुरंत एजेंसी को इसकी सूचना दें. इन सब मामलों को देखते हुए एनटीए एक पूरी तरह सुरक्षित और भरोसेमंद परीक्षा प्रणाली तैयार करे या फिर ऐसी परीक्षाएं आयोजित करने की जिम्मेदारी किसी और संस्था को सौंप दी जाए.
2014 से अब तक लीक हो चुके इतने पेपर
1. 2026 - NEET UG 2026 परीक्षा से ठीक पहले एक गेस पेपर वायरल हुआ. इसमें लगभग 125 सवाल असली पेपर से मेल खा रहे थे. इसके चलते परीक्षा रद्द कर दी गई.
2. 2024 - यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती पेपर लीक के कारण परीक्षा रद्द, UPPSC समीक्षा अधिकारी / सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा पेपर लीक होने पर परीक्षा रद्द. UGC NET परीक्षा 18 जून को आयोजित हुई, लेकिन पेपर लीक होने पर 19 जून को रद्द कर दी गई.
3. 2023 - साल 2023 में कई परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आई. तेलंगाना SSC परीक्षा में हिंदी प्रश्न पत्र वायरल हुआ, वहीं तेलंगाना असिस्टेंट इंजीनियर भर्ती और असम HSLC परीक्षा के पेपर लीक होने के कारण रद्द कर दी गईं. महाराष्ट्र HSC गणित पेपर व्हाट्सएप पर शेयर होने के कारण 5 छात्रों को पकड़ा गया, जबकि राजस्थान REET परीक्षा में भी पेपर लीक हुआ और कई लोगों को गिरफ्तार किया गया.
4. 2022 - साल 2022 में भी कई परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं हुईं. राजस्थान फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा का पेपर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जबकि BPSC 67वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा और OSSC जूनियर इंजीनियर (JE) सिविल मुख्य परीक्षा में पेपर लीक होने के कारण परीक्षाएं रद्द कर दी गईं.
5. 2021 - साल 2021 में भी कई परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आईं. UPTET परीक्षा में पेपर लीक हुआ और मास्टरमाइंड को पकड़ लिया गया, वहीं Maharashtra Housing & Area Development Authority परीक्षा भी पेपर लीक के कारण प्रभावित हुई. इसके अलावा, NEET 2021 में परीक्षा शुरू होने से लगभग आधे घंटे पहले पेपर लीक का विवाद खड़ा हो गया.
6. 2020 - साल 2020 में भी पेपर लीक की घटनाएं हुईं. PU कर्नाटक परीक्षा में फिजिक्स पेपर लीक होने के कारण बैंगलोर विश्वविद्यालय ने परीक्षा स्थगित कर दी, वहीं UP Board 12वीं अंग्रेजी पेपर परीक्षा से सिर्फ 2 घंटे पहले ऑनलाइन वायरल हो गया.
7. 2019 - साल 2019 में भी पेपर लीक की घटनाएं सामने आईं. RRB CBT परीक्षा में पेपर लीक हुआ और स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर शेयर किए गए, जबकि Odisha BSE MIL परीक्षा सोशल मीडिया पर वायरल होने के कारण रद्द कर दी गई.
8. 2018 - साल 2018 में भी पेपर लीक के मामले सामने आए. CBSE कक्षा 10 और 12 गणित व अर्थशास्त्र के पेपर लीक होने के कारण परीक्षा दोबारा आयोजित करनी पड़ी, वहीं Gujarat Police Constable भर्ती परीक्षा में भी पेपर लीक की घटना हुई.
9. 2017 - साल 2017 में Maharashtra HSC परीक्षा का पेपर लीक हो गया था, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित हुई और संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच करनी पड़ी.
10. 2016 - साल 2016 में UPPSC RO/ARO परीक्षा लखनऊ में पेपर लीक होने के कारण रद्द कर दी गई, वहीं UPPSC PCS परीक्षा में दूसरी शिफ्ट का प्रश्न पत्र गलती से पहली शिफ्ट में भेज दिया गया, जिससे परीक्षा प्रभावित हुई.
11. 2015 - साल 2015 में AIMPT (All India Pre-Medical Test) में पेपर और आंसर कई राज्यों में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिए फैलाए गए, जिसके कारण परीक्षा रद्द कर दी गई और छात्रों के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित हुई.
12. 2014 - साल 2014 में CPMT (Combined Pre-Medical Test) में प्रश्न पत्रों में छेड़छाड़ की घटना सामने आई, जिसके कारण परीक्षा रद्द कर दी गई और छात्रों को नई परीक्षा का इंतजार करना पड़ा.
- Log in to post comments