अग्निवीर भर्ती के लिए आवेदन का आज अंतिम दिन, जल्दी करें अप्लाई

 Today is the last day to apply for Agniveer Recruitment, apply quickly. Raipur chhattisgarh hindi news raipur News khabargali

रायपुर (खबरगली) भारतीय सेना द्वारा अग्निवीर भर्ती के लिए आधिकारिक वेब पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन का बुधवार को अंतिम दिन है। भर्ती प्रक्रिया में 17 वर्ष 6 माह से 21 वर्ष तक आयु वर्ग के वे युवा आवेदन करने के पात्र हैं, जिनकी न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं पास से लेकर स्नातक अथवा डिप्लोमा उत्तीर्ण तक है। 

अभ्यर्थी रोजगार कार्यालय, नगरीय निकाय, पॉलिटेक्निक कॉलेज, शासकीय महाविद्यालय, शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, जनपद पंचायत और नगर पंचायतों में जाकर ऑनलाइन आवेदन से संबंधित जानकारी एवं मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर आवेदक रोजगार कार्यालय रायपुर में सेना भर्ती हेतु स्थापित हेल्प डेस्क से संपर्क कर सकते हैं।

इस भर्ती अभियान के तहत जनरल ड्यूटी तकनीकी, ऑफिस असिस्टेंट, ट्रेडमैन, महिला सैन्य पुलिस, नियमित कैडर, धर्म गुरु, नर्सिंग सहयोगी और हवलदार एसएसी के पदों पर चयन किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया में कम्प्यूटर आधारित ऑनलाइन परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Fitness Test) और चिकित्सा परीक्षा (Medical Examination) शामिल हैं। विशेष रूप से ऑफिस असिस्टेंट पद के लिए उम्मीदवार को टाइपिंग टेस्ट भी देना होगा।

आवेदन करने  के लिए योग्यता 

अग्निवीर भर्ती में आवेदन करने वाले उम्मीदवार की आयु साढ़े 17 से 21 वर्ष के बीच होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता के लिए मान्यता प्राप्त केंद्रीय या राज्य शिक्षा बोर्ड से कक्षा 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई या इंजीनियरिंग डिप्लोमा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। भर्ती के लिए उम्मीदवार की ऊँचाई, वजन और सीना पद के अनुसार भिन्न-भिन्न निर्धारित किया गया है। ऑनलाइन परीक्षा का आयोजन जून 2026 में होने की संभावना है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन से पहले सभी योग्यता मानदंड और दस्तावेजों की जानकारी थल सेना की वेबसाइट पर ध्यानपूर्वक पढ़ लें।

भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए उम्मीदवार सेना भर्ती कार्यालय, शहीद वीर नारायण क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर के दूरभाष नंबर 0771-2965212, 2965214 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र के अधिकारी रामजीत राम से मोबाइल नंबर 9424184279 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

भर्ती अभियान का उद्देश्य योग्य युवाओं को थल सेना में शामिल कर देश सेवा का अवसर प्रदान करना है। थलसेना में शामिल होने वाले अग्निवीरों को अनुशासन, शारीरिक फिटनेस और पेशेवर कौशल में प्रशिक्षित किया जाएगा। यह अवसर केवल योग्य और उत्साही उम्मीदवारों के लिए है।
 

Category