अयोध्या से योगी की अपील: 500 साल बाद ऐसा शुभ मुहूर्त आया ..मंदिर के भूमिपूजन पर 4-5 अगस्त को हर घर-मंदिर में दीपक जलाएं

ayodhya , shri ram mandir, yogi adityanath, khabargali

अयोध्या (khabargali) उत्तर प्रदेश के अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण की शुरुआत होने वाली है। आने वाली 5 अगस्त को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राम मंदिर निर्माण के लिए शिलान्यास और भूमि पूजन करेंगे। शनिवार को कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कारसेवक पुरम पहुंचे।

500 साल बाद ऐसा शुभ मुहूर्त आया

बैठक में योगी ने कहा कि यहां अयोध्या के लिए खुद को साबित करने का एक मौका है। आज पूरा विश्व अयोध्या की तरफ देख रहा है। हमें अनुशासन में रहकर दुनिया के सामने एक मिसाल पेश करनी है। अयोध्या को देश और दुनिया का गौरव प्रदान करेंगे। योगी ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि के लिए संगठित रूप से देशव्यापी आंदोलन चलाया गया। यह काम राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के मार्गदर्शन में विश्व हिन्दू परिषद ने संतों के निर्देशन में किया।आज परिणाम हमारे सामने आया। 500 साल बाद अयोध्या में ऐसा शुभ मुहूर्त आया है। 5 अगस्त को दुनिया भव्य कार्यक्रम देखेगी। सोशल डिस्टेंसिंग के साथ शुभ मुहूर्त में शामिल होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम सभी शुभ कार्यक्रम के लिए एक साथ आएंगे। 4 और 5 अगस्त की रात को सभी घरों और मंदिरों में ‘दीपोत्सव’ मनाया जाएगा। दीपावली अयोध्या से जुड़ी है और अयोध्या के बिना त्योहार की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री अयोध्या आ रहे हैं। हम अयोध्या को विश्व का गौरव बनाएंगे। स्वच्छता पहली शर्त होनी चाहिए। इस बीच, योगी ने संतों और ट्रस्ट के सदस्यों के साथ बैठक भी की।

योगी ने रामलला के दर्शन किए

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंच कर सीधे श्रीराम जन्मभूमि परिसर गए और उन्होंने रामलला के दर्शन-पूजन किए। मंदिर परिसर में पहले से ही ट्रस्ट के सदस्य मौजूद थे। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने मुख्यमंत्री को मंदिर परिसर में होने वाले निर्माण कार्याें की जानकारी दी। राय ने योगी और संतों को बताया कि शिलान्यास के कार्यक्रम में अयोध्या और अयोध्या के बाहर आध्यात्मिक जैन, बौद्ध सभी धर्मों के लोगों को बुलाने का एक विचार चल रहा है। सीएम ने राम जन्मभूमि कार्यशाला में तराशे गए पत्थरों की सफाई के काम का जायजा लिया। इसके बाद वे कारसेवक पुरम पहुंचे। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि में भगवान श्रीराम के भाइयों को नए आसन पर विराजमान कराया। योगी अयोध्या में तीन घंटे रहे। साधु-संतों से भेंट के बाद वे अधिकारियों के साथ बैठक कर लखनऊ के लिए रवाना हो गए। ​​​​​

भूमि पूजन के खिलाफ याचिका खारिज

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए पांच अगस्त को प्रस्तावित भूमि पूजन पर रोक लगाने की मांग की याचिका खारिज कर दी। मुख्य न्यायाधीश गोविंद माथुर और न्यायमूर्ति एसडी सिंह की खंडपीठ ने मामले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया और कहा कि यह जनहित याचिका कल्पनाओं पर आधारित है। कोर्ट ने कहा कि कार्यक्रम में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने की आशंका का कोई आधार नहीं है। हालांकि, कोर्ट ने भूमि पूजन कार्यक्रम के आयोजकों और राज्य सरकार से इस बात की अपेक्षा की है कि वे सोशल डिस्टेंसिंग और शारीरिक दूरी बनाए रखने की गाइडलाइन के अनुसार ही कार्यक्रम करें।