बिलासपुर (खबरगली) छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से कोलकाता के बीच शुरू हुई सीधी हवाई सेवा एक ही फेरे के बाद बंद हो गया है। इस फैसले को लेकर हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने नाराजगी जताई है। समिति ने आरोप लगाया है कि विंटर शेड्यूल में शामिल इस उड़ान को छत्तीसगढ़ सरकार के निर्देश पर बंद किया गया है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि सामने आना बाकी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को बिलासपुर से कोलकाता के लिए पहली सीधी उड़ान संचालित हुई थी। इस उड़ान से 36 यात्रियों ने कोलकाता का सफर किया था। इसके बाद शुक्रवार को होने वाली अगली उड़ान के लिए 42 यात्रियों ने टिकट बुक कराए थे, लेकिन उड़ान बंद होने के कारण उनकी बुकिंग रद्द कर दी गई और टिकट की राशि वापस लौटा दी गई।
‘उल्टा मार्च’ के बाद उड़ान बंद होने पर उठे सवाल
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने उड़ान बंद होने के समय को लेकर भी सवाल उठाए हैं। समिति का कहना है कि बिलासपुर में नागरिकों द्वारा हवाई सुविधाओं की मांग को लेकर ‘उल्टा मार्च’ निकाले जाने के महज दो दिन बाद ही सीधी उड़ान बंद हो गई। समिति ने इसे बिलासपुर की हवाई कनेक्टिविटी के साथ लगातार हो रही उपेक्षा से जोड़ते हुए नाराजगी जताई है।
सीधी उड़ान को तत्काल बहाल कराने की मांग
समिति ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वरिष्ठ विधायक अमर अग्रवाल और धरमलाल कौशिक से मामले में हस्तक्षेप करने तथा बिलासपुर-कोलकाता सीधी उड़ान को तत्काल बहाल कराने की मांग की है। समिति का कहना है कि बिलासपुर क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर हवाई सुविधा मिलनी चाहिए। सीधी उड़ान बंद होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा और क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी भी प्रभावित होगी। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने चेतावनी दी है कि यदि बिलासपुर-कोलकाता सीधी उड़ान को जल्द बहाल नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
- Log in to post comments
