रायपुर (खबरगली) जांजगीर-चांपा में पाकिस्तान समर्थित आईएसआई स्लीपर सेल के सदस्य के रूप में गिरफ्तार किए गए आरोपी के मोबाइल फोन को सोमवार को विस्तृत जांच के लिए फॉरेंसिक लैब रायपुर भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल की तकनीकी जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कई महत्वपूर्ण खुलासा होने की संभावना है। प्रारंभिक जांच में आरोपी के पाकिस्तान सेना और आईएसआई से जुड़े लोगों के साथ संपर्क के सबूत मिले हैं।
पाकिस्तान तक दे रहा था सूचना
पुलिस के अनुसार आरोपी पंजाब से आकर अकलतरा क्षेत्र में रह रहा था और संवेदनशील सूचनाएं तथा महत्वपूर्ण लोकेशन पाकिस्तान तक पहुंचाने का काम कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई है। हालांकि जांच एजेंसियां अभी मामले के कई पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।
आईजी स्तर की हो रही जांच
एसपी ने बताया कि यह मामला हाईप्रोफाइल होने से अब इस मामले की जांच आईजी स्तर पर की जा रही है। चूंकि देश की सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर आगे की कार्रवाई और जांच की दिशा तय की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आरोपी के नेटवर्क, संपकों और गतिविधियों से जुड़े और भी महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
जेएसडब्यू प्लांट में कर रहा था काम
आरोपी की पहचान आईएसआई एजेंट सेवक पिता बलविंदर सिंह (26) के रूप में हुई है। आईएसआई एजेंट का जीजा लंबे समय से जेएसडब्यू प्लांट में काम कर रहा है। खुफिया जानकारी के आधार पर आईबी ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर संदिग्ध पर गोपनीय तरीके से नजर रखी। पुख्ता सबूत जुटाने के बाद उसे अकलतरा स्थित उसके किराए के घर से दबोचा गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से स्वीकार किया कि वह पिछले कुछ महीनों से पाकिस्तान स्थित आईएसआई समर्थित गैंग से जुड़े व्यक्तियों के संपर्क में था। जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न माध्यमों जैसे वॉट्सऐप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम के जरिए विदेशी नंबरों और संदिग्ध व्यक्तियों से लगातार संपर्क में था।
किरायेदार सत्यापन से खुला भेद
पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि अकलतरा के मिनीमाता चौक स्थित राजीव केडिया के मकान में अन्य प्रदेशों के कई व्यक्ति किराए पर रह रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किरायेदारों का सत्यापन किया। इसी दौरान सेवक सिंह संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वयं को पाकिस्तान सीमा क्षेत्र के समीप का निवासी बताया, किंतु उसके जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें सामने आया कि वह पाकिस्तान, सऊदी अरब, मैक्सिको के नंबर से आईएसआई के संपर्क में था।
जांजगीर एसपी विजय पांडेय ने बताया आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। आईजी स्तर पर सुरक्षा एजेंसियों से चर्चा जारी है। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
- Log in to post comments