कैबिनेट की पहली बैठक में फैसला; 18 लाख गरीबों को मिलेंगे आवास, 25 दिसंबर को किसानों को 2 साल का बकाया बोनस

Chhattisgarh Chief Minister Vishnudev Sai, Deputy CM Arun Sao and Vijay Sharma, decision in the first cabinet meeting, 18 lakh poor will get houses, 2 years' outstanding bonus to farmers on December 25, Khabargali

नए मुख्यमंत्री का सीधा हमला : कांग्रेस ने राज्य को आर्थिक रूप से खोखला किया , भ्रष्टाचार के मामलों में राज्य सरकार जांच करेगी, सख्त कार्रवाई होगी

रायपुर (khabargali) छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई पहली कैबिनेट बैठक में प्रदेश के 18 लाख गरीबों को आवास देने का फैसला लिया गया है। वहीं 25 दिसंबर को अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर किसानों को 2 साल का बकाया बोनस दिया जाएगा। साय कैबिनेट बैठक के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। इस अवसर पर डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा भी मौजूद थे।

मीडिया से चर्चा में उन्होने यह भी कहा कि पिछली सरकार ने राज्य को आर्थिक रूप से खोखला कर दिया है। मोदी की गारंटी का शत प्रतिशत पालन किया जायेगा। पहली बैठक का एकमात्र एजेंडा आवास योजना का था। बैठक में 18 लाख ग्रामीण आवास निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। उन्होने कहा कि डबल इंजन की सरकार तेजी से चलेगी। किसानों को 25 दिसंबर को बकाया दो साल का बोनस दिया जायेगा। उन्होने कहा कि पांच साल में सारी घोषणाओं को पूरा किया जायेगा।

शपथ ग्रहण समारोह में राज्यगीत नहीं बजने को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे राज्यगीत पर सम्मान का भाव रखते हैं। कार्यक्रम राजभवन तय करता है, उसके अनुसार चलना पड़ता है।

प्रेसवार्ता में मौजूद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने एक सवाल के जवाब में कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के आवेदन भरवाए गए थे। सात लाख आवेदन ही आए थे। अब 18 लाख आवास पर काम चल रहा है।

नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 वर्षों के दौरान भाजपा ने नक्सलवाद के खिलाफ मजबूती के साथ लड़ाई लड़ी थी। यह सरकार भी नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ेगी। पीएससी परीक्षा घोटाले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में भी उचित कार्रवाई की जाएगी।

भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं : साय

श्री साय ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भ्रष्टाचार के मामलों में राज्य सरकार जांच करेगी और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

Category