अमित शाह बोले- सोनिया-मनमोहन ने 12 लाख करोड़ का घोटाला किया, सीएम बघेल साहब भी वही यहां कर रहे…
मिशन छत्तीसगढ़ पर गृहमंत्री अमित शाह, बोले- 2023 में भाजपा की होगी वापसी
दुर्ग (khabargali) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 9 साल पूरे होने पर केंद्रीय नेता जनता के बीच जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दुर्ग के रविशंकर स्टेडियम से छत्तीसगढ़ में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव और 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के प्रचार का शंखनाद कर दिया। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने 70 साल तक राम का अपमान किया। लोग संकल्प लें कि वे छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनाएंगे और केंद्र में मोदी की सरकार बनाएंगे। उन्होंने तत्कालीन कांग्रेस सरकार और प्रदेश की भूपेश बघेल सरकार पर जमकर निशाना साधा। दोनों को घोटालों की सरकार बताया।
शाह ने कहा कि, सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह ने 10 साल शासन किया। इस दौरान 12 लाख करोड़ का घोटाला किया। वहीं नौ साल में मोदी जी पर एक भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकता। यही हाल छत्तीसगढ़ में भी भूपेश बघेल सरकार का है। वो भी यहां वही कर रहे हैं। संबोधन की शुरुआत में ही उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को चेतावनी देते हुए कहा, यहां उपस्थित विशाल जनता को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री देख लें और समझ लें कि उनकी उल्टी गिनती शुरू हो गई है। इसके बाद वे केंद्रीय मुद्दों पर आ गए।
जय श्रीराम के उद्घोष के साथ जनसभा की शुरुआत-
दुर्ग के रविशंकर स्टेडियम में गृहमंत्री अमित शाह ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ जनसभा की शुरुआत की। कहा कि, ये प्रभु श्रीराम की ननिहाल है और उनके वन गमन का मार्ग भी है। भगवार राम को प्रणाम करता हूं। शाह ने कहा कि, 2014 के लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में 11 मे से 10 सीटें आप लोगों ने दीं। 2019 में भी 11 सीटें देने का काम छत्तीसगढ़ की जनता ने किया है।
कहा- झूठ बाोलना बंद करो बघेल जी-
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के धान खरीदी के दावे को लेकर कहा कि, मोदी जी ने 92 लाख टन धान खरीदने का काम किया है और ये कह रहे हैं कि मैं चावल खरीदता हूं। 74 हजार करोड़ रुपये मोदी जी ने किसानों के बैंक अकाउंट में भेजे हैं। कहा कि झूठ बाोलना बंद करो बघेल जी। 90 फीसदी पैसा मोदी सरकार ने दिया है।
मोदी जी ने आतंकवाद का सफाया किया-
अमित शाह ने लोगों से पूछा कि, अब 2023 मे विधानसभा का चुनाव है, यहां किस पार्टी की सरकार बनेगी? 2024 में राहुल बाबा और मोदी जी कौन प्रधानमंत्री बनेगा?, जोर से बोलो। अमित शाह ने कहा कि, जब सोनिया और मनमोहन सिंह शासन करते थे, देश में आतंकी घटनाएं होती थीं। पाकिस्तान से लोग घुस जाते थे और सिर काट देते थे। मनमोहन सिंह की सरकार उफ तक नहीं करती थी। मोदी जी की सरकार आई। उरी और पुलवामा हमला किया। 10 दिन में मोदी जी एयर स्ट्राइक की और घर में घुसकर आंतकवाद का सफाया कर दिया।
कहते थे धारा-370 हटी तो खून बहेगा, कंकड़ तक नहीं चले-
गृहमंत्री शाह ने लोगों से पूछा कि, कश्मीर हमारा है या नहीं है? धारा 370 हटनी चाहिए थी या नहीं? उन्होंने कहा कि, कांग्रेस ने 70 साल में बच्चे की तरह इस धारा को संभाला। धारा 370 हटी तो कांग्रेस के नेता राहुल बाबा के नेतृत्व में कहते थे कि इसे मत हटाओ, कश्मीर में खून की नदिया बह जाएंगी। अब धारा 370 हट गई, खून की नदिया छोड़िए, कंकड़ तक नहीं चले। मोदी सरकार के नौ साल भारत गौरव, गरीब कल्याण, भारत उत्कर्ष के नौ साल हैं। गरीब कल्याण के लिए ढेर सारे काम किए।
कांग्रेस ने राम मंदिर को लटकाए रखा-
अमित शाह ने कहा कि, बाबर ने अयोध्या में राम मंदिर तोड़ा था। उसके बाद जब कांग्रेस की सरकार बनी तो उसने लटकाए रखा। मंदिर बनने नहीं दिया। मोदी जी ने एक दिन जाकर भूमि पूजन किया। अब भव्य मंदिर तैयार हो रहा है। आप लोग जनवरी में अयोध्या का टिकिट तैयार रखें। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस ने श्रीराम का अपमान करने का काम किया। मोदी जी ने जन्मस्थान में सम्मान के साथ भगवान राम को बिठाने का काम किया। प्रभु श्री राम को उसी जगह स्थापित किया गया। जिस स्थान में उनका जन्म हुआ था।
ये वादा खिलाफी करने वाली सरकार-
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है। ये वादा खिलाफी करने वाली सरकार है। शराबबंदी की घोषणा कर होम डिलीवरी की सुविधा शुरू की। रेडी टू ईट बनाने वाली 22 हजार महिलाओं की नौकरी चली गई। प्रदेश में एक लाख करोड़ का कर्जा भी कर दिया है। तेंदूपत्ता का 500 करोड़ रुपये गरीब आदिवासियों का बकाया है। एक लाख नौकरी की बात कही, लेकिन नहीं दी। कांग्रेस के शासन में वामपंथी उग्रवाद चरम पर था। आज बस्तर के कुछ हिस्से को छोड़कर हर जगह कंट्रोल में है। अमित शाह ने कहा, छत्तीसगढ़ की बघेल सरकार हर मोर्चे पर फेल है। एक हजार किसानों ने आत्महत्या की। बेरोजगारी लगातार बढ़ी है। भूपेश बघेल की सरकार ने शराबबंदी की घोषणा की थी, शराब की होम डिलीवरी करने लगी। 10 लाख नौकरी देने का वादा किया, लेकिन युवाओं को नौकरी नहीं दी। बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया लेकिन नहीं दिया। बुजुर्ग माताओं को वृद्धा पेंशन अब समय पर नहीं पहुंच रही है। प्रदेश पर 1.5 लाख करोड़ का कर्ज भी इस सरकार ने कर दिया है।
बघेल साहब, यहां घोटाले पर घोटाले कर रहे हैं-
शाह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी निशाना साधा। आरोप लगाया कि बघेल साहब, यहां घोटाले पर घोटाले कर रहे हैं। शराब घोटाला 2000 करोड़, परिहन कोयला घोटाला 500 करोड़, गौठान घोटाला 1300 करोड़, पब्लिक सर्विस कमीशन घोटाला। कहा कि, कारोना सेस लगाया, पर खर्च नहीं किया। यह सरकार हर मोर्चे पर फेल रही। उन्होंने कहा कि, आदिवासी बच्चे इलाज के अभाव में मारे गए। संरक्षित जनजाति के सैकड़ों लोग कुपोषण का शिकार बने। एक हजार किसानों ने आत्महत्या की। प्रदेश में 5000 से ज्यादा दुष्कर्म हुए।
मोदी ने पाकिस्तान को सबक सिखाया-
2014 से पहले जब केंद्र में सोनिया-मनमोहन की सरकार थी। तब उन्होंने 12 लाख करोड़ रुपए का घोटाला किया। आज मोदी जी की सरकार को 9 साल हो गए हैं, विपक्ष घोटाले का आरोप नहीं लगा सकता। केंद्र में जब कांग्रेस की सरकार थी तो आए दिन आतंकवादी हमला होते थे। आलिया, मालिया, जमालिया पाकिस्तान से घुसते थे और जवानों का सर काटकर ले जाते थे। मोदी सरकार में पाकिस्तान ने उरी, पुलमावा में हमला किया तो पीएम मोदी ने 10 दिन के अंदर सर्जिकल स्ट्राइक करके पाकिस्तान को सबक सिखाया।
विदेशी नेता मोदी के पैर छू रहे हैं-
शाह बोले विदेशों में नरेन्द्र मोदी के नारे लग रहे हैं। नरेंद्र मोदी जी जहां जाते हैं वहां के लीडर, नेता उनसे ऑटोग्राफ लेते हैं। अपाइंटमेंट चाहते हैं। जी-7 में मोदी जी गए तो एक राष्ट्र के प्रमुख ने उनके पैर छुए। पूरी दुनिया में मोदी-मोदी के नारे लग रहे हैं। ये नारे मोदी नहीं बल्कि देश की जनता का सम्मान है। मोदी जी के नेतृत्व में देश 11वें नंबर से पांचवें नंबर की अर्थव्यवस्था बना। देश का सम्मान दुनिया के सामने बढ़ाया। उन्होंने आदिवासी समाज की बेटी को राष्ट्रपति बनाया है। पीएम मोदी ने 9 साल में हर गरीब के बिजली, शौचालय , रसोई गैस, 5 किलो अनाज मुफ्त दिया। 130 करोड़ की जनता को कोरोना के टीके मुफ्त में लगावाए हैं।
मोदी सरकार की उपलब्धियों पर ये भी कहा-
अमित शाह ने कहा, मोदी सरकार ने 38 लाख किसानों को 6 हजार हर साल दिया। 35 लाख जल कनेक्शन दिया। 38 लाख महिलाओं के लिए शौचालय बनवाया। 52 लाख परिवार को 5 किलो अनाज दिया। 6 लाख महिलाओं को गैस कनेक्शन दिया।आईआईटी भिलाई भी केंद्र सरकार ने दिया।2 लाख से ज्यादा लोगों को जल जीवन के तहत नल कनेक्शन मिला।
- Log in to post comments