अस्थियां कहां विसर्जित की जाएंगी, परिवार तय करेगा
मुंबई (khabargali)स्वर कोकिला लता मंगेशकर के भतीजे आदिनाथ ने सोमवार को मुंबई के शिवाजी पार्क से उनकी अस्थियां एकत्र कीं, जहां उनका पूरे राजकीय सम्मान के साथ कल अंतिम संस्कार किया गया था। सहायक नगर आयुक्त किरण दिघवकर ने बताया,हमने अस्थि कलश लता के भाई और संगीतकार हृदयनाथ मंगेशकर के बेटे आदिनाथ को सौंपा है। अस्थियां लेने हृदयनाथ के बेटे और लता के भतीजे आदिनाथ मंगेशकर पहुंचें। पंडित ने पूरे रीति-रिवाज से लता की अस्थियों को कलश में भरा और उन्हें आदिनाथ को सौंप दिया। लता की अस्थियां उनके घर प्रभुकुंज निवास ले जाया जाएगा।
इस दौरान लता का परिवार सफेद लिबास में उदास भाव में दिखाई दिए। चेहरे पर मास्क के बावजूद उनके माथे की शिकन और झुकी हुई नजरें, साफ बताती हैं कि वे लता दीदी के जाने से कितने दुखी हैं। अस्थियां कहां विसर्जित की जाएंगी, इस बारे में अभी तक परिवार की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है।
लगभग आठ दशकों तक अपनी आवाज से लाखों लोगों को मंत्रमुग्ध करने वाली लता मंगेशकर (92) का रविवार को निधन हो गया। उनका कल शाम शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया था।भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर भारत सरकार ने दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। महाराष्ट्र सरकार ने आज राज्य में सार्वजनिक छुट्टी का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री सचिवालय ने रविवार को जानकारी दे दी थी।
- Log in to post comments