महतारी वंदन योजना में लापरवाही, जीवित महिला को मृत बताकर 14 हजार रुपये की वसूली का नोटिस

Negligence in Mahtari Vandan Yojana Notice issued to recover Rs 14 000 after a living woman was wrongly declared dead latest News khabargali

बालोद (खबरगली) महतारी वंदन योजना के अंतर्गत बालोद जिले में हितग्राहियों को जारी वसूली नोटिसों को लेकर प्रशासनिक कामकाज पर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से कुछ पात्र महिलाओं को अपात्र मानते हुए पिछले 14 महीनों की 14,000 रुपये की राशि लौटाने का नोटिस थमाया गया है, जिसमें एक जीवित महिला को अभिलेखों में मृत दिखाए जाने का मामला भी सामने आया है।

बालोद कार्यालय से नोटिस 

भेड़िया नवागांव निवासी मितानिन कार्यकर्ता उमा कोमिया को परियोजना अधिकारी कार्यालय बालोद से प्राप्त नोटिस में ‘मृत हितग्राही’ अंकित कर खाते में भेजी गई राशि वापस करने का निर्देश दिया गया है। उमा ने बताया कि उनके पति जनपद कार्यालय में सचिव पद पर कार्यरत रहे हैं और बीते कुछ वर्षों से लकवाग्रस्त हैं, जिससे योजना की राशि परिवार के लिए सहारा बनी हुई थी। नोटिस मिलने के बाद परिवार चिंता में है और वे स्वयं को जीवित प्रमाणित करने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने को विवश हैं।

रिकवरी नोटिस जारी 

इसी तरह राजेश्वरी बाई से जुड़े प्रकरण में उनकी राशि रोकते हुए रिकवरी नोटिस जारी किए जाने की बात सामने आई है, जिसमें उनकी पुत्री के शासकीय सेवा में होने का हवाला दिया गया। राजेश्वरी बाई का कहना है कि उनकी बेटी का विवाह हो चुका है और उसके रोजगार का लाभ अब ससुराल पक्ष को मिल रहा है, ऐसे में उन्हें योजना से बाहर किया जाना उचित नहीं है। प्रभावित महिलाओं ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए 14 हजार रुपये लौटाने में असमर्थता जताई है।

 

Category