रायपुर : महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से जोड़ने लगेगा हेल्प डेस्क
रायपुर (खबरगली ) बेटियों के जन्म को प्रोत्साहित करने और समाज में उनकी गरिमा बढ़ाने के संकल्प के साथ नव सृजन मंच इस वर्ष भी चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर अपना विशेष कार्यक्रम 'बिटिया जन्मोत्सव' आयोजित करने जा रहा है। पिछले 12 वर्षों से निरंतर जारी यह अभियान इस बार 20 मार्च 2026 को सिविल लाइन स्थित वृंदावन हॉल में संपन्न होगा।
सम्मान और उपहारों से सजेगा उत्सव
संस्था के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा और कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. देवाशीष मुखर्जी ने बताया कि इस गरिमामय समारोह में पिछले 6 माह के भीतर जन्मी 151 बेटियों और उनके माता-पिता को सम्मानित किया जाएगा। अभिभावकों को जहाँ 'सम्मान पत्र' दिया जाएगा, वहीं नन्हीं बेटियों के लिए विशेष बेबी किट (फ्रॉक, चूड़ी, काजल, खिलौने आदि) भेंट की जाएगी। साथ ही, 151 कन्याओं का आदि शक्ति के रूप में पूजन भी किया जाएगा।
सरकारी योजनाओं का मिलेगा सीधा लाभ
कार्यक्रम की सबसे खास बात महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाया जाने वाला हेल्प डेस्क होगा। यहाँ केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, सुकन्या समृद्धि योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए मौके पर ही पंजीयन (Registration) की सुविधा उपलब्ध रहेगी, ताकि बेटियों का भविष्य सुरक्षित हो सके।
सेहत और पोषण पर विशेष सत्र
माताओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए आहार विशेषज्ञ डॉ. सारिका द्वारा पोषण संबंधी विशेष परामर्श दिया जाएगा। संस्था साल में दो बार (शरद एवं चैत्र नवरात्रि) इस भव्य आयोजन के साथ-साथ वर्षभर सरकारी अस्पतालों में भी जागरूकता अभियान चलाती है।
इस आयोजन को सफल बनाने में डॉ. अमरजीत सिंह छाबड़ा, डॉ. देवाशीष मुखर्जी, कांतिलाल जैन, किशोर महानंद, मनीषा सिंह और पदमा शर्मा सहित संस्था के अन्य सदस्य व शहर की प्रतिष्ठित संस्थाएं सक्रिय योगदान दे रही हैं।
- Log in to post comments