हिमाचल प्रदेश (खबरगली) चैत्र नवरात्र के दौरान ज्वालाजी मंदिर में इस बार आस्था का जनसैलाब उमड़ा और चढ़ावे में भी रिकार्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई। मंदिर प्रशासन के अनुसार इस बार कुल 99 लाख 77 हजार 209 रुपए का नकद चढ़ावा श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 10 लाख रुपए अधिक है। नवरात्र में करीब तीन लाख 50 हजार श्रद्धालुओं ने मां ज्वाला के दर्शन किए। मंदिर में विदेशी श्रद्धालुओं की भी भागीदारी देखने को मिली। चढ़ावे के रूप में विदेशी मुद्रा भी प्राप्त हुई, जिसमें कनाडा के 135 डॉलर, इंग्लैंड 75 पाउंड, अमरीका 6 डालर और यूएई के 45 दिरहम हैं।
मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल ने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद श्रद्धालुओं को सुविधाजनक दर्शन करवाए गए। आयोजन शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने इस सफलता के लिए सभी विभागों के सहयोग को अहम बताया। नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई व्यवस्थाएं की गईं। इनमें निशुल्क लंगर, धर्मार्थ औषधालय, निशुल्क शौचालय, स्नानागार जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं।
मंदिर के पुजारी कपिल शर्मा ने कहा कि चैत्र नवरात्रों के दौरान मां ज्वाला जी के दरबार में अपार आस्था देखने को मिली। देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना की। मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन करवाना रही।
- Log in to post comments