रायपुर के सिटी कोतवाली के बंदी गृह में होगा भगवान श्रीकृष्ण का जन्म, 4 सितंबर की मध्यरात्रि जीवंत होगी मथुरा की कारागार लीला

Raipur Krishna Janmashtami, City Kotwali Janmashtami, Raipur Krishna Janmotsav, Krishna Mitra Foundation, Lord Krishna's birth drama presentation, Raipur Janmashtami program, 4th September Krishna Janmashtami, Gopal Temple Raipur, Chhattisgarh, Khabargali

रायपुर (खबरगली ) जन्माष्टमी के पावन अवसर पर रायपुर के प्रसिद्ध थाना सिटी कोतवाली में इस बार भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की भव्य और जीवंत नाट्य प्रस्तुति देखने को मिलेगी। कृष्ण मित्र फाउंडेशन के पदाधिकारियों, सदस्यों और थाना सिटी कोतवाली के स्टाफ के सहयोग से मथुरा के कारागार में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का दृश्य नाट्य रूपांतरण के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजन की विशेषता यह है कि 4 सितंबर की मध्यरात्रि 12 बजे सिटी कोतवाली के बंदी गृह को मथुरा के कारागार के रूप में सजाया जाएगा। यहां कंस का अत्याचार, माता देवकी और वासुदेव को हथकड़ी में बांधना, पहरेदारों का बेसुध होना और भगवान श्रीकृष्ण का जन्म जैसे प्रसंग जीवंत रूप में प्रस्तुत किए जाएंगे।

11वें वर्ष में भी भव्य होगा कृष्ण जन्मोत्सव

कृष्ण मित्र फाउंडेशन के अध्यक्ष माधव लाल यादव ने बताया कि संस्था द्वारा लगातार 11वें वर्ष कृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी थाना सिटी कोतवाली के कारागार को आकर्षक एवं भव्य रूप से सजाया गया है। उन्होंने बताया कि जन्माष्टमी का पर्व धार्मिक परंपराओं और विधि-विधान के अनुसार मनाया जाएगा। आयोजन में भगवान श्रीकृष्ण को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे। इसके साथ ही पंजीरी प्रसाद, फल-फूल और मेवा की व्यवस्था रहेगी।

आधी रात को होगा भगवान श्रीकृष्ण का जन्म

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मध्यरात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्म होगा। नाट्य प्रस्तुति के दौरान वासुदेव और माता देवकी को हथकड़ियों से जकड़ा जाएगा और कंस की गर्जना से कारागार का वातावरण जीवंत किया जाएगा। भगवान के जन्म के बाद कारागार के दरवाजे खुलने और पहरेदारों के बेसुध होने का दृश्य भी नाट्य रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। 

शेषनाग की छत्रछाया में गोपाल मंदिर पहुंचेंगे भगवान

भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद वासुदेव जी की भूमिका निभा रहे सुनील यादव भगवान कृष्ण को टोकरी में लेकर शेषनाग की छत्रछाया में भक्तों को दर्शन देने के लिए सदर बाजार स्थित गोपाल मंदिर जाएंगे। इस दौरान शोभायात्रा और गोपाल मंदिर दर्शन की व्यवस्था के लिए फाउंडेशन की ओर से विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

भजन-कीर्तन और महाआरती के साथ होगा जन्मोत्सव

जन्माष्टमी समारोह में नाट्य प्रस्तुति के साथ भजन-कीर्तन, महाआरती और प्रसाद वितरण का आयोजन भी होगा। भक्तों के लिए 56 भोग और पंजीरी प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजकों के अनुसार पूरा कार्यक्रम धार्मिक आस्था और परंपराओं के अनुरूप आयोजित किया जाएगा।

आयोजन की जिम्मेदारियां

कारागार सजावट प्रभारी: श्रीमती अचला स्वामी, खुशी झंवर, रिया यादव वासुदेव जी की भूमिका: सुनील यादव माता देवकी की भूमिका: श्रीमती हेमलता यादव कंस महाराज की भूमिका: डॉ. पुरुषोत्तम चंद्राकर, रंगमंच कलाकार मीडिया प्रभारी: धन्नूलाल देवांगन, विजयपाल 56 भोग व्यवस्था प्रभारी: श्रीमती चंदा पाल, श्रीमती लता चंद्राकर महाआरती प्रभारी: श्रीमती मीना यादव, श्रीमती रेखा झंवर, श्रीमती ममता कुर्मी शोभायात्रा/गोपाल मंदिर दर्शन प्रभारी: गोवर्धन झंवर, ऋषभ लोया, रतन बैद, संजय चंद्राकर महाप्रसाद वितरण प्रभारी: राजू यादव, हिमांशु यादव

सिटी कोतवाली में कृष्ण जन्म की अनूठी प्रस्तुति बनेगी आकर्षण

थाना सिटी कोतवाली के बंदी गृह में मथुरा के कारागार का दृश्य तैयार कर भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग को जीवंत करने की यह पहल श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहने की उम्मीद है। 4 सितंबर की मध्यरात्रि 12 बजे होने वाले इस आयोजन में कृष्ण जन्म से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को नाट्य रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। कृष्ण मित्र फाउंडेशन के अध्यक्ष माधव लाल यादव ने श्रद्धालुओं से इस धार्मिक आयोजन में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का आनंद लेने की अपील की है।

Category