रायपुर (खबरगली ) वेतन वृद्धि, पीएफ और ड्यूटी समय में बदलाव समेत 18 सूत्रीय मांगों को लेकर रामकी कंपनी के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल लगातार जारी है। हड़ताल के कारण शहर में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन लगातार छठे दिन भी पूरी तरह प्रभावित रहा, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डोर-टू-डोर कचरा सेवा ठप
हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। शास्त्री बाजार, गोलबाजार, एवरग्रीन चौक, मटन मार्केट, गणेशराम नगर और बाम्बे मार्केट जैसे प्रमुख क्षेत्रों में जगह-जगह कूड़े के ढेर जमा हो गए हैं। गोकुलनगर और दलदल सिवनी सेंटर में भी हालात गंभीर हैं, जहां केवल 30% वाहन ही वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में कुछ इलाकों में भेजे जा रहे हैं और बाकी 70% वाहन डिपो में खड़े हैं।
कंपनी और कर्मचारियों के बीच गतिरोध
रामकी कंपनी और कर्मचारियों के बीच विवाद गहराता जा रहा है। कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले 8 वर्षों से उनके वेतन और पीएफ में गड़बड़ी की जा रही है। हड़ताली कर्मचारी जांच कमेटी के गठन और वेतन वृद्धि की मांग पर अड़े हुए है। दूसरी ओर, कंपनी ने सख्त रुख अपनाते हुए ड्राइवर और हेल्पर के पदों पर नई भर्तियों के पोस्टर जारी कर दिए हैं।
महापौर की चेतावनी
इस विकट स्थिति को देखते हुए मेयर (महापौर) मीनल चौबे ने रामकी कंपनी प्रबंधन को सख्त निर्देश दिए हैं कि यदि पुराने कर्मचारी काम पर वापस नहीं लौटते हैं, तो अविलंब नए कर्मचारियों की नियुक्ति कर शहर में सफाई व्यवस्था बहाल की जाए।
- Log in to post comments