
रायपुर (khabargali) विवेकानंद आश्रम रायपुर के प्रमुख स्वामी सत्यरूपानंद महाराज जी का रविवार दोपहर निधन हो गया है। वे पिछले कुछ दिनों से बीमार थे और एमएमआई हास्पिटल में उनका उपचार चल रहा था। उनका पार्थिव शरीर विवेकानंद आश्रम में आम लोगों के दर्शनार्थ रखा गया है। शाम 5 बजे महादेव घाट मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार होगा। राज्यपाल,मुख्यमंत्री समेत शहर के सभी राजनीतिक दलों व संगठन के प्रतिनिधियों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी है। उनके निधन की दुखद खबर के बाद नारायणपुर,बिलासपुर से लेकर छत्तीसगढ़ के अन्य शहरों से भक्तजन श्रद्धांजलि देने रायपुर पहुंच रहे हैं।
सालों तक रामकृष्ण मिशन के सचिव के तौर पर अपनी सेवाएं देने वाले स्वामी सत्यरूपानंद जी महाराज विवेकानंद आश्रम प्रमुख के दायित्व का निर्वहन कर रहे थे। स्वामी विवेकानंद को अपना आदर्श मानकर वे संचालित हो रहे आश्रम के बच्चों को स्वामी विवेकानंद के दृष्टांत से अवगत कराते रहे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि हमारे संतोष भैया यानी स्वामी सत्यरूपानंद जी महाराज के देहावसान की सूचना से दिल संताप से भर गया। वे लंबे समय से रामकृष्ण मिशन विवेकानंद आश्रम रायपुर के सचिव थे। उनका जाना मेरी व्यक्तिगत और छत्तीसगढ़ की अध्यात्म धारा की अपूरणीय क्षति है।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने स्वामी सत्यरूपानंद जी महाराज के निधन पर कहा कि ‘रामकृष्ण आश्रम के प्रमुख स्वामी सत्यरूपानंद जी के निधन का समाचार बेहद दुःखद व मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने मुझे सदैव बड़े भाई की तरह स्नेह दिया। मेरे लिये वो संतोष भैया थे, हर सुख-दुःख में उनका आशीष मुझे मिला। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें।’
- Log in to post comments