लखीसराय(खबरगली) बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई। हादसे में 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए लखीसराय सदर अस्पताल समेत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
भारी भीड़ के बीच मची भगदड़
बताया जा रहा है कि सावन के तीसरे सोमवार को भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए सुबह से ही अशोकधाम मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। मंदिर परिसर में श्रद्धालु कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।
इसी दौरान अचानक भीड़ के बीच बिजली का तार गिरने की बात सामने आई, जिसके बाद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे और देखते ही देखते भगदड़ की स्थिति बन गई। भारी भीड़ के कारण कई लोग नीचे गिर गए और उनके ऊपर दूसरे श्रद्धालु गिरते चले गए। हालांकि, जिला प्रशासन की ओर से घटना के कारणों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
बैरिकेडिंग टूटने से बिगड़ी स्थिति
लखीसराय के जिलाधिकारी ने बताया कि सावन के तीसरे सोमवार को देखते हुए प्रशासन की ओर से मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रण के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रशासन की टीमें तड़के करीब 3:30 बजे से ही घटनास्थल पर मौजूद थीं और व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही थी।
डीएम के मुताबिक, दो ट्रेनों के रुकने के कारण अचानक बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर की ओर पहुंच गए। उस समय मंदिर में पहले से ही काफी भीड़ मौजूद थी। सुबह करीब 6:40 से 6:45 बजे के बीच भीड़ बढ़ने के कारण एक तरफ, खेत की ओर लगी बैरिकेडिंग टूट गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी मच गई और कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर गए।
10-15 लोगों को तत्काल अस्पताल भेजा गया
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया।
डीएम ने बताया कि शुरुआती कार्रवाई में ही करीब 10-15 लोगों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। इसके बाद घायलों की संख्या और उनकी स्थिति का पता लगाया जा रहा है। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायलों के इलाज
में जुटी हुई है।
- Log in to post comments
