भारत ही नहीं दुनिया के इन 30 देशों में भी मनाई जाती है ऐसी अनोखी होली

Holi, India, Pakistan, Bangladesh, Sri Lanka and Mauritius, Thailand, Germany, Peru, Germany, Hungary, Africa, Poland, Cambodia, USA, Italy, Rome, Greece, Spain, Japan, color, water, joy, news, khabargali

ख़बरगली @ फीचर डेस्क। भारत ही नहीं विश्व के अन्य अनेक देशों में भी होली अथवा होली से मिलते-जुलते त्योहार मनाने की परंपराएँ हैं। सबका उद्देश्य एवं भावना एक ही है- भक्ति, सच्चाई के प्रति आस्था और मनोरंजन। इसके अतिरिक्त अनेक देश ऐसे हैं जहाँ या तो होली से मिलता जुलता कोई पर्व मनाया जाता है या किसी अन्य अवसर पर रंग या सादे पानी से खेलने की परंपरा है। पाकिस्तान, बंगलादेश, श्री लंका और मरिशस में भारतीय परंपरा के अनुरूप ही होली मनाई जाती है। प्रवासी भारतीय जहाँ-जहाँ जाकर बसे हैं वहाँ वहाँ होली की परंपरा पाई जाती है। कैरिबियाई देशों में बड़े धूमधाम और मौज-मस्ती के साथ होली का त्यौहार मनाया जाता है।

होली से मिलते जुलते विदेशी त्यौहार

1. थाईलैंड में नव वर्ष सौंगकरन नामक पर्व से प्रारंभ होता है इसमें बुजुर्गों को इत्र मिश्रित जल डालकर आशीर्वाद लिया जाता है।

2. लाओस में यह पर्व नववर्ष की खुशी के रूप में मनाया जाता है। लोग एक दूसरे पर पानी डालते हैं। 

3. म्यांमर में इसे जल पर्व के नाम से जाना जाता है। तिजान, मेकांग या थिंगयान नामक त्यौहार चार दिनों तक चलता है। इस दौरान सब एक दूसरे को पानी से भिगोते है, इसमें कोई रंग नहीं होता।

4. पेरू में इरकान उत्सव पांच दिन तक चलता है। ज्यादातर लोग रंगीन कपडों में नाचते गाते घूमते हैं।

5. जर्मनी में ईस्टर के दिन घास का पुतला बनाकर जलाया जाता है। लोग एक दूसरे पर रंग डालते हैं।

6. हंगरी का ईस्टर होली के अनुरूप ही है।

7. अफ्रीका में ओमेना वोंगा मनाया जाता है। इस अन्यायी राजा को लोगों ने ज़िंदा जला डाला था। उसका पुतला जलाकर और नाच गाकर खुशी जाहिर की जाती है।

8. पोलैंड में आर्सिना पर लोग एक दूसरे पर रंग और गुलाल मलते हैं। यह रंग फूलों से बना होने के कारण काफ़ी सुगंधित होता है।

9. कंबोडिया में चाउन चानम थेमी और लाओस में पियामी के नाम से पर्व मनाया जाता है जिसमें लोग एक दूसरे पर पानी डालते हैं।

10. अमरीका में मेडफो नामक पर्व मनाने के लिए लोग नदी के किनारे एकत्र होते हैं और गोबर तथा कीचड़ से बने गोले एक दूसरे पर फेंकते हैं। अमरीका में सूर्य पूजा की जाती है। इसे होबो कहते हैं। इसे होली की तरह मनाया जाता है।

11. चेक और स्लोवाक क्षेत्र में बोलिया कोनेन्से त्योहार पर युवा लड़के-लड़कियाँ एक दूसरे पर पानी एवं इत्र डालते हैं।

12. हालैंड का कार्निवल होली सी मस्ती का पर्व है।

13. इटली में रेडिका त्योहार फरवरी के महीने में एक सप्ताह तक हर्षोल्लास से मनाया जाता है। लकड़ियों के ढेर चैराहों पर जलाए जाते हैं। लोग अग्नि की परिक्रमा करके आतिशबाजी करते हैं। एक दूसरे को गुलाल भी लगाते हैं।

14. रोम में इसे सेंटरनेविया कहते हैं तो यूनान में मेपोल। रोम में रेडिका नामक पर्व मनाया जाता है। लकडिया इक्टठी कर जलाई जाताी है और फिर नाच गाना होता है।

15. ग्रीस का लव ऐपल होली भी प्रसिद्ध है।

16. स्पेन में टमाटर से होली खेली जाती है। स्पेन में भी लाखों टन टमाटर एक दूसरे को मार कर होली खेली जाती है। ला टोमाटीना नामक त्यौहार को दुनिया का सबसे बडा टमाटर उत्सव माना जाता है। लोग एक दूसरे पर टमाटर फेंकते हैं।

17. स्पेन के वैलेशिया शहर में मार्च में आग की रात के नाम से पर्व मनाया जाता है जिसमें आतिशबाजी होती है। इसके अलावा सांडों की लडाई भी होती है।

18. जापान में टेमोंजी ओकुरिबी नामक पर्व पर कई स्थानों पर तेज़ आग जला कर यह त्योहार मनाया जाता है।

19.जापान में चैरी ब्लासम उत्सव मनाया जाता है जिसमें लोग चेरी के बागों में बैठकर एक दूसरे को बधाई देते हैं और पेड से गिरने वाले फूलों से स्वागत करते हैं।

20. साईबेरिया में घास फूस और लकड़ी से होलिका दहन जैसी परिपाटी देखने में आती है।

21. नार्वे और स्वीडन में सेंट जान का पवित्र दिन होली की तरह से मनाया जाता है। शाम को किसी पहाड़ी पर होलिका दहन की भाँति लकड़ी जलाई जाती है और लोग आग के चारों ओर नाचते गाते परिक्रमा करते हैं।

22. मारीशस में बसंत पंचमी से शुरू होकर 40 दिन तक होली का आयोजन चलता रहता है। यहां भी कई जगह होलिका दहन होता है।

23. इंग्लैंड में मार्च के अंतिम दिनों में लोग अपने मित्रों और संबंधियों को रंग भेंट करते हैं ताकि उनके जीवन में रंगों की बहार आए।

24. न्यूजीलैंड में कई शहरों में रंगीला त्यौहार मनाया जाता है। यहां एक दूसरे के शरीर पर पेंटिंग की प्रतियोगिता होती है। इसके बाद नाच गाने के कार्यक्रम होते हैं। ये उत्सव 6 दिन तक चलता है।

25. आस्टेलिया में चिनचिला मेलन फेस्टिवल आयोजित होता है। इस दौरान हर ओर तरबूज ही तरबूज दिखते हैं। इस दौरान कई पारंपरिक कार्यक्रम होते हैं।

26. पापुआ न्यूगिनिया में लोग माउंट हेगन की तलहटी में एकत्र होते हैं और पारंपरिक आदिवासी नृत्य करते हैं। वो अपने शरीर पर पंछियों के पर श्रंगार करते हैं।

27. नेपाल में लोला उत्सव आयोजित होता है। रंगीन पानी से भरे गुब्बारे को लोला कहा जाता है, जिसे लोग एक दूसरे पर फेकतें हैं।

28. चीन में होली की शैली का त्योहार च्वेजे कहलाता है। यह पंद्रह दिन तक मनाया जाता है। लोग आग से खेलते हैं और सज धज कर परस्पर गले मिलते हैं। चीन के युवान प्रांत में मार्च-अप्रैल में पानी फेंकने का उत्सव मनाया जाता है। यह महत्वपूर्ण उत्सवों में से एक है। इस त्योहार को बुद्ध का स्नान के नाम से भी जाना जाता है। त्योहार के दौरान सभी लोग एक-दूसरे पर पानी फेंकते हैं।

29. तिब्बती इस पर्व को रोमांचक अंदाज में मनाते हैं। जुलाई माह के पहले दस दिन में तिब्बतियों का स्नान पर्व मनाया जाता है। इस पर्व को गामारीजी नाम से जाना जाता है। तिब्बतियों की मान्यता है कि इस दौरान नदी या तालाब का पानी मीठा, ठंडा और हानिरहित होता है। तिब्बती लोग इस दौरान नदी और झील के किनारे टेंट डालते हैं और स्नान को पर्व के रूप में मनाते हैं।

30 . बेल्जियम की होली भारत सरीखी होती है और लोग इसे मूर्ख दिवस के रूप में मनाते हैं। यहाँ पुराने जूतों की होली जलाई जाती है।