रायपुर (खबरगली) भारतीय जनता पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। सोमवार को नई दिल्ली स्थित मेदांता अस्पताल में उनकी सफल ऑर्थोपेडिक सर्जरी की गई। चिकित्सकों के अनुसार ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा है और उनकी स्थिति अब सुरक्षित है। डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिनों तक पूर्ण विश्राम की सलाह दी है, जिसके बाद वे धीरे-धीरे सामान्य दिनचर्या में लौट सकेंगे।
किरण सिंह देव हाल ही में बागेश्वर धाम से छत्तीसगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान झांसी के समीप हुए सड़क हादसे में वे घायल हो गए थे। दुर्घटना के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए नई दिल्ली के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था।
एक घंटे से अधिक चली जटिल सर्जरी
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि देश के विख्यात अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अतीक वसदेव और उनकी मेडिकल टीम की देखरेख में किरण सिंह देव की ऑर्थोपेडिक सर्जरी की गई। यह ऑपरेशन एक घंटे से अधिक समय तक चला। उन्होंने बताया कि सर्जरी के दौरान एसिटाबुलम फ्रैक्चर की रिपेयर सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। यह कूल्हे के जोड़ (हिप जॉइंट) से जुड़ी गंभीर चोट मानी जाती है, जिसके उपचार में विशेषज्ञता और सावधानी की आवश्यकता होती है।
डॉक्टरों की निगरानी में रिकवरी
सर्जरी के बाद चिकित्सकों ने किरण सिंह देव के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की। मेडिकल टीम के अनुसार उनकी रिकवरी संतोषजनक है और स्वास्थ्य में तेजी से सुधार देखा जा रहा है। फिलहाल उन्हें अस्पताल में चिकित्सकीय निगरानी के साथ आराम कराया जा रहा है। डॉक्टरों ने संक्रमण और अनावश्यक शारीरिक गतिविधियों से बचने की सलाह देते हुए कुछ दिनों तक अनिवार्य विश्राम की आवश्यकता बताई है। इसके बाद फिजियोथेरेपी और नियमित मेडिकल फॉलोअप के जरिए उन्हें पूरी तरह स्वस्थ किया जाएगा।
जल्द संभालेंगे संगठन की जिम्मेदारियां
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि चिकित्सकों की सलाह के अनुसार विश्राम अवधि पूरी होने के बाद किरण सिंह देव अपनी नियमित दिनचर्या में लौट आएंगे। स्वस्थ होने के बाद वे शीघ्र ही छत्तीसगढ़ वापस आएंगे और भारतीय जनता पार्टी के आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।उन्होंने विश्वास जताया कि किरण सिंह देव पहले की तरह कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे और प्रदेश संगठन की जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ऊर्जा के साथ करेंगे।
- Log in to post comments