रायपुर (खबरगली) छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर अभी थमता नजर नहीं आ रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया और इसके प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ी हुई है। इसके चलते अगले कुछ दिनों तक बारिश, आंधी और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 25 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।
इन 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक राजनांदगांव, बालोद, बीजापुर, सुकमा और कांकेर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और आकाशीय बिजली के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
धमतरी-गरियाबंद-महासमुंद में तेज आंधी का अनुमान
प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना जताई गई है। इस दौरान कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। तेज हवा के चलते पेड़, बिजली के खंभे और कमजोर संरचनाओं को नुकसान की स्थिति बन सकती है।
रायपुर में रातभर होती रही बारिश
राजधानी रायपुर में मंगलवार रात से बारिश का सिलसिला जारी रहा। रातभर रुक-रुककर हुई बारिश के बाद आज भी शहर के कुछ हिस्सों में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट और मौसम में ठंडक महसूस की जा सकती है।
25 जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने बलरामपुर, कोरिया समेत प्रदेश के 25 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवा चलने की संभावना है।
23 और 24 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार छत्तीसगढ़ में 23 और 24 सितंबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 23 से 28 सितंबर के दौरान प्रदेश में कई जगहों पर आंधी-तूफान, बिजली चमकने और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
23-24 सितंबर और 27 सितंबर को छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं 25-26 सितंबर के दौरान भी कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है।
कई दिनों तक सक्रिय रहेगा बारिश का दौर
बंगाल की खाड़ी के लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से प्रदेश में नमी बनी हुई है। यही वजह है कि बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की गतिविधियां भी बढ़ी हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
- Log in to post comments
