एक ही परिवार के 5 लोगो की मौत, फूड पॉइजनिंग की बनी आशंका, इलाके में मचा हड़कम

Five members of the same family die food poisoning suspected  causing a stir in the area hindi news latest news khabargali

ग्रेटर नोएडा (खबरगली) उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक दिल दहला देनी वाली घटना सामने आई है। रबूपुरा क्षेत्र के नगला श्री पदम गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, परिवार ने शुक्रवार रात नूडल्स खाए थे। इसके बाद हुई मौतों के कारण फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत की वास्तविक वजह की पुष्टि नहीं की है।

एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत

डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह के अनुसार, शनिवार सुबह रबूपुरा थाना पुलिस को नगला पदम गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस के साथ खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। मृतकों की पहचान महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35), बेटे लड्डू (11), बेटी मिष्टी (7) और तीन वर्षीय बेटे साक्षात के रूप में हुई है। सभी एक ही परिवार के सदस्य थे और नगला श्री पदम गांव में रहते थे।

रात में नूडल्स खाने की बात आई सामने

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आसपास के लोगों और महेश की मां ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने शुक्रवार रात नूडल्स खाए थे। इसके बाद पांचों की मौत हो गई। इसी जानकारी के आधार पर प्रथम दृष्टया खाद्य विषाक्तता की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, केवल नूडल्स खाने और मौतों के बीच सामने आए इस घटनाक्रम से यह साबित नहीं होता कि मौतें उसी वजह से हुईं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम और अन्य वैज्ञानिक जांच के बाद ही चलेगा।

खाद्य सुरक्षा और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए फूड एंड सेफ्टी विभाग और फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया। टीमों ने खाद्य पदार्थों से जुड़े नमूने और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने पांचों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौतों की वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।