ईडी के विरोध में रायपुर समेत देशभर में कांग्रेस का आज बड़ा प्रदर्शन, बड़े नेता शामिल होंगे

Sonia Gandhi, National Herald newspaper, Money Laundering, Congress Demonstration, Raipur, Chhattisgarh, Khabargali

रायपुर (khabargali) नेशनल हेराल्ड अखबार से जुड़े मामले में मनी लांड्रिंग की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ED) आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से पूछताछ करेगी। इसके खिलाफ कांग्रेस ने एक बार फिर दिल्ली समेत देशभर में प्रदर्शन की रणनीति बनाई है। दिल्ली में संसद से लेकर सड़क तक कांग्रेस नेता विरोध प्रदर्शन करते नजर आएंगे । वहीं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस राजधानी ईडी दफ्तर के सामने आज सुबह 11 बजे से विरोध प्रदर्शन करेगी। इस प्रदर्शन में प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी तथा हजारों की संख्या में कांग्रेसजन शामिल होगें।

ईडी दफ्तर के घेराव में शामिल होने के लिये कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रदेश के सभी जिलों से बड़ी संख्या में राजधानी पहुंच गए हैं। ब्लाक अध्यक्ष, ब्लाक पदाधिकारी, वार्ड पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, पार्षद, पंचायत पदाधिकारी, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पंचायत, नगर पालिका के पंचायतों के निर्वाचित पदाधिकारी सभी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

ईडी भाजपा की एजेंट: मरकाम

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि ईडी भाजपा की एजेंट की तरह काम कर रही है। ईडी की भूमिका मोदी सरकार में भाजपा की प्रचार-प्रचार तंत्र के अलावा कुछ नहीं है। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी, मोदी सरकार से सवाल पूछते है जो जनता से जुड़े एवं देश के भविष्य से संबंधित होता है। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के सवाल का जवाब देने से बचने मोदी सरकार ईडी का नोटिस भेजती है। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी द्वारा उठाई जा रही मजदूरों की, गरीबों की, किसानों की, युवाओं की आवाज को दबने नहीं दिया। मोदी भाजपा सरकार, ईडी और पुलिस के माध्यम से ये दबाव इनकी आवाज उठाने से रोक रही है। कांग्रेस भाजपा का डट कर मुकाबला करेगी।

8 वर्षों के अंदर 5,422 ईडी केस

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मोदी भाजपा के सरकार के 8 वर्षों के अंदर इस वक्त 5,422 केस ईडी के चल रहे हैं। ग्लो एंड लवली स्कीम है। ये ग्लो एंड लवली जो पहले फेयर एंड लवली एक क्रीम थी, अब फेयर एंड लवली क्रीम का नाम बदल कर अब ग्लो एंड लवली हो गया है। ये ईडी और सीबीआई के ऑफिस के अंदर ग्लो एंड लवली का एक डिब्बा रखा हुआ है और वो डिब्बा खोलते हैं, कहते हैं कि, मोदी सरकार के खिलाफ बोलना बंद करो, जो इनके दबाव में आता है, उसके ऊपर ये ग्लो एंड लवली क्रीम लगाते हैं और सफा चट करके बाहर निकल जाते है।

भाजपा ज्वाइन करते ही सारे केस समाप्त होते हैं

श्री मरकाम ने कहा कि जो लोग भाजपा के विरोध में है ईडी की नजर में वे गुनाहगार है। भाजपा ज्वाइन करते ही सारे केस समाप्त हो जाते है। हेमंत बिस्वा शर्मा, लुईस बर्जर और शारदा घोटाले केस में जिसमें ईडी ने बुलाया, क्रीम लगाई और भाजपा में शामिल हो गए और ईडी ने सब चीजें सफा चट कर दिया। येदियुरप्पा पर ईडी का केस दर्ज हुआ या नहीं हुआ। नारायण राणे जब कांग्रेस में थे, ईडी और इंकम टैक्स के रेड और नोटिस आते थे, लेकिन जैसे ही भाजपा में गए, तो ये ग्लो एंड लवली स्कीम के तहत उनके ऊपर ये क्रीम लगी और वो पाक साफ हुए। सोमेन मित्रा, जब तक टीएमसी में थे, मुकदमें चल रहे थे और जैसे ही पार्टी छोड़ी, उनके ऊपर ईडी के सारे के सारे केस माफ हो गए। रमन सिंह जी का पता भी नहीं कि क्या ईडी के केस चल रहे हैं या नहीं चल रहे हैं। मुकुल राय जब तक टीएमसी में थे, ईडी के प्रेशर में थे, लेकिन जैसे ही बीजेपी में गए फेयर एंड लवली स्कीम में उनके ऊपर क्रीम लगी और ठीक हो गए।