ऋषिकेश(खबरगली) उत्तराखंड में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही यात्रियों से भरी बस ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर गूलर बाजार के पास अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
सुबह 3:30 बजे हरिद्वार से रवाना हुई थी बस
जानकारी के मुताबिक, विश्वनाथ सेवा की यह बस मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हरिद्वार से कर्णप्रयाग के लिए रवाना हुई थी। बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। गूलर बाजार के समीप पहुंचते ही बस पुल से नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि कई यात्री बस के अंदर फंस गए। जानकारी के अनुसार, सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक घायल ने ऋषिकेश एम्स ले जाते समय दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।
20 घायलों को निकाला गया रेस्क्यू अभियान जारी
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी और ढालवाला की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव दल ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। अब तक 20 घायलों को बस से बाहर निकाला जा चुका है। इनमें से 19 को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है, जबकि अन्य घायलों को ऋषिकेश के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- Log in to post comments
