मुल्क में अमन और भाईचारे की दुआ के साथ सजी उर्स कमेटी की बैठक, हज यात्रियों का हुआ सम्मान
रायपुर (खबरगली ) मदारवाड़ा स्थित हजरत सैयद खाकी शाह वाली रहमतुल्ला अलेह का सालाना उर्स पाक इस वर्ष अपनी स्थापना के शानदार 60 वर्ष पूरे करने जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर को गरिमामय ढंग से मनाने के लिए उर्स कमेटी मदारवाड़ा द्वारा एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में रायपुर शहर की लगभग 70 जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की। बैठक के दौरान उर्स के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। विशेष रूप से होने वाली 'कव्वाली' के प्रोग्राम को लेकर सदस्यों के बीच रायशुमारी की गई, जिस पर सभी ने अपनी सहमति जताई। बैठक के पश्चात फातेहा ख्वानी का आयोजन हुआ, जिसमें देश की तरक्की, कामयाबी, अमन-चैन और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआ मांगी गई।
प्रमुख हस्तियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के चेयरमैन जनाब मिर्जा एजाज बेग थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सीरत कमेटी के अध्यक्ष जनाब सोहेल सेठी और वैदिक न्यूज चैनल की मैनेजिंग डायरेक्टर सैय्यद सलमा उपस्थित रहीं। बैठक का कुशल संचालन खादिमे आस्ताना सैयद जावेद अली और परवेज अली द्वारा किया गया।
हज यात्रियों का हुआ विशेष सम्मान
इस अवसर पर एक भावपूर्ण सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। हाल ही में हज यात्रा से लौटे या जाने वाले जायरीन का सम्मान सरपरस्त लक्ष्मी नारायण लाहोटी द्वारा किया गया। उन्हें स्मृति चिन्ह के रूप में सिल्वर कोटेड 'मक्का-मदीना' के मोमेंटो भेंट किए गए।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
बैठक में मुख्य रूप से शेख जावेद, मुख्तार अहमद, हाजी डॉक्टर हमिद आदिल, मो. इस्माइल बटकी, मो. सैफ बटकी, असगर अली और अजीज मामदानी सहित बड़ी संख्या में कमेटी के मेम्बरान और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी मेहमानों के लिए तबर्रुक (भोज) का भी प्रबंध किया गया था।
- Log in to post comments