पेपर लीक करने वालों को अब उम्रकैद की सजा होगी

Paper leakers will now be sentenced to life imprisonment, Rajasthan, Gehlot government, Khabargali

जयपुर (khabargali) राजस्थान में अब पेपर लीक करने वालों को उम्रकैद की सजा होगी। पेपर लीक को लेकर लगातार विपक्ष के आरोपों का सामना कर रही गहलोत सरकार ने बड़ा फैसला किया है। सरकार बाकायदा आगामी विधानसभा सत्र में इसे लेकर बिल लाएगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया अकाउंट पर ये जानकारी दी है। आपको बता दें, राजस्थान में पेपर लीक बड़ा सियासी मुद्दा रहा है। राज्य में सरकार की कई कोशिशों के बावजूद भी पेपर लीक की घटनाएं नहीं रुकीं। इसे लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है। सीएम गहलोत के इस मास्टर स्ट्रोक को चुनाव से पहले युवाओं की नाराजगी दूर करने के रूप में देखा जा रहा है।

इधर नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने ट्वीट कर कहा कि घोषणावीर मुख्यमंत्री अशोकजी, आपके शासन में 16 बार पेपर लीक होने का देशभर में रिकॉर्ड बन चुका है। फरवरी 2022 में सदन में राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) विधेयक 2022 लाकर आपने जो कानून बनाया था, उसके बाद भी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा, टेक्निकल हेल्पर भर्ती परीक्षा, वनरक्षक परीक्षा, सेकंड ग्रेड परीक्षा का पेपर सरकार की नाक के नीचे लीक हुआ।