राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम का WhatsApp हैक, 56 हजार रुपये के फर्जी भुगतान संदेश से ठगी की कोशिश

Rajya Sabha MP Phulo Devi Netam's WhatsApp hacked; attempt to defraud via a fake payment message of ₹56,000. Latest news hindi news khabargali

रायपुर (खबरगली) साइबर अपराधियों ने अब जनप्रतिनिधियों की पहचान और उनके मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर लोगों को ठगी के जाल में फंसाने की कोशिश शुरू कर दी है। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम के वॉट्सऐप अकाउंट तक कथित रूप से साइबर अपराधियों की पहुंच बनने और उनके संपर्कों को फर्जी संदेश भेजे जाने का मामला सामने आया है। 

साइबर ठगों ने राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम के वॉट्सएप अकाउंट तक बनाई पहुंच 

जानकारी के मुताबिक साइबर ठगों ने किसी तरह राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम के वॉट्सएप अकाउंट तक पहुंच बनाई। इसके बाद उनके संपर्क में शामिल लोगों को संदेश भेजने शुरू किए गए। चूंकि संदेश सांसद के वॉट्सएप नंबर से आ रहे थे, इसलिए शुरुआत में परिचितों को लगा कि संदेश वास्तव में सांसद या उनकी ओर से ही भेजे गए हैं। संदेश में 56 हजार रुपये के भुगतान का जिक्र किया गया था। कथित रूप से ठगों ने दावा किया कि गलती से रकम का भुगतान हो गया है और दो घंटे के भीतर रुपये वापस करने की बात कही। इसी बहाने संपर्क सूची में मौजूद लोगों को झांसे में लेने की कोशिश की गई।

परिचितों को शक हुआ

परिचितों को हुआ शक तो खुला मामला सांसद के नंबर से अचानक रुपये के लेनदेन से संबंधित संदेश मिलने पर कुछ परिचितों को शक हुआ। उन्होंने जल्दबाजी में किसी तरह का भुगतान करने के बजाय सांसद के सहयोगियों से संपर्क किया और संदेश की सत्यता के बारे में जानकारी ली। सत्यापन करने पर पता चला कि फूलो देवी नेताम की ओर से इस तरह का कोई संदेश नहीं भेजा गया था। इसके बाद परिचितों को सतर्क किया गया और किसी भी तरह की रकम ट्रांसफर नहीं करने को कहा गया। समय रहते संदेश की वास्तविकता सामने आने के कारण ठग अपने मंसूबे में सफल नहीं हो पाए।

Category