साइंस कॉलेज मैदान सजकर तैयार..3 दिन रहेगी धूम

Chhattisgarh State Foundation Day, Beginning, National Tribal Dance Festival, Science College Ground, Raipur, Khabargali

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस का आगाज राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव से होगा

रायपुर (khabargali) छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के 22 वर्ष पूरे हो जाने के अवसर पर राज्य में विभिन्न आयोजन होंगे जिसका आगाज राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव से होगा। मंगलवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत इसका उद्घाटन करेंगे। अध्यक्षता संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत करेंगे। मंगलवार शाम 7 बजे से राज्य अलंकरण समारोह का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यपाल अनुसूईया उइके होंगी। इस समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करेंगे। राज्योत्सव का समापन तीन नवंबर को शाम 7 बजे होगा। इसमें झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मुख्य अतिथि बनाया गया है।

साइंस कॉलेज मैदान सजकर तैयार

राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव व राज्योत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में है। साइंस कॉलेज मैदान में मुख्य मंच, विभिन्न विभागों के मंडप, स्टालों, प्रवेश द्वारों का निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में भारत के सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों समेत नौ देशों मोजांबिक, मंगोलिया, टोंगो, रशिया, इंडोनेशिया, मालदीव, सर्बिया, न्यूजीलैंड और इजिप्ट के 1500 जनजातीय कलाकार शामिल होंगे। महोत्सव में शामिल होने देश-विदेश के मेहमान भी रायपुर पहुंच चुके हैं और ये सिलसिला लगातार जारी है। साइंस कॉलेज मैदान पर राज्योत्सव के दौरान विकास प्रदर्शनी में राज्य शासन के 21 विभागों के स्टॉल, शिल्पग्राम में 40 स्टाल, फूड जोन में 24 स्टाल, थीम हैंगर में विभिन्न उद्योगों और सार्वजनिक उपक्रमों के स्टॉल, 40 व्यावसायिक स्टाल बनाए गए हैं। इस आयोजन में दर्शकों के लिए अनेक आकर्षण होंगे। छत्तीसगढ़ सहित देश-विदेश की विभिन्न जनजातियों की विविधता पूर्ण संस्कृति, परंपरा और लोककला देखने को मिलेगी। छत्तीसगढ़ सरकार के विभिन्न विभागों की लोककल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विकास प्रदर्शनी के माध्यम से पिछले पौने चार वर्षों में छत्तीसगढ़ की विकास गाथा की झांकी दिखेगी। शिल्पग्राम और फूड जोन भी उनके आकर्षण का केंद्र होंगे।

Category