अंबिकापुर (खबरगली) दिवाली की खुशियां एक परिवार के लिए ऐसा दर्द दे गईं, जिसे शायद ही कभी भुलाया जा सके। खेल-खेल में दो साल के मासूम ने पॉप-पॉप (लहसुन) पटाखा मुंह में रखकर चबा लिया। पटाखा मुंह के भीतर ही फट गया और बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके मसूड़ों से लगातार खून बहने लगा। परिजन उसे लेकर अस्पतालों के चक्कर काटते रहे, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
अस्पताल में मासूम ने दम तोड़ दिया
गुरुवार सुबह अंबिकापुर के मिशन अस्पताल में मासूम ने दम तोड़ दिया। बेटे की मौत के बाद पिता उसका शव गोद में लेकर अस्पताल में बिलखता रहा। इस हृदयविदारक घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम बनेया की है। यहां रहने वाले इंद्रजीत माझी ने दिवाली के लिए घर में पटाखे खरीदे थे। इसी दौरान उनका दो वर्षीय बेटा आदित्य पटाखों का एक पैकेट लेकर खेलने लगा। खेलते-खेलते उसने एक पटाखा मुंह में रख लिया और उसे चबाने लगा। इसी बीच पटाखे में मौजूद बारूदी कणों के आपस में टकराने से मुंह के भीतर ही धमाका हो गया।
लगातार बहता रहा खून नहीं बची जान
धमाके से मासूम के मसूड़ों में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। घबराए माता-पिता उसे तत्काल सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे घर ले आए, लेकिन रक्तस्राव बंद नहीं हुआ। बच्चे की हालत बिगड़ती देख वे दोबारा अस्पताल पहुंचे। स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया। परिजन आदित्य को मिशन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया। हालांकि, मुंह से लगातार रक्तस्राव होने के कारण उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। आखिरकार गुरुवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
- Log in to post comments
