शोले का वीरू अब अमर हो गया, धर्मेंद्र का 89 साल में निधन

Veeru of Sholay is now immortal, Dharmendra dies at 89, khabargali

 मुंबई (खबरगली) बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और ही-मैन के नाम से मशहूर धर्मेंद्र का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। सोमवार, 24 नवंबर 2025 की सुबह आई इस खबर ने पूरे देश को सदमे में डाल दिया। फिल्म इंडस्ट्री से लेकर आम लोगों तक, हर कोई इस बात से दुखी है कि हिंदी सिनेमा का एक चमकता सितारा हमेशा के लिए खो गया।

लंबे समय से थे बीमार, घर पर चल रहा था इलाज

धर्मेंद्र पिछले कुछ महीनों से लगातार स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। कुछ दिन पहले उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी तबीयत बिगड़े रहने के कारण डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनका इलाज कर रही थी। सांस लेने में समस्या होने के बाद उन्हें ICU में भी रखा गया था। स्थिति कुछ बेहतर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें घर ले जाने की अनुमति दी, जहां उनके परिवार के बीच ही उनका इलाज जारी रहा। लेकिन अचानक उनकी हालत बिगड़ी और आज उन्होंने अंतिम सांस ली।

अंतिम संस्कार पवन हंस श्मशान घाट में होगा

IANS की रिपोर्ट के अनुसार, धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार आज ही मुंबई के पवन हंस श्मशान घाट पर किया जाएगा। परिवार ने सुबह ही इसकी तैयारी शुरू कर दी है। बॉलीवुड के कई सितारे वहां पहुंचने वाले हैं ताकि इस महान अभिनेता को अंतिम विदाई दी जा सके।

पहले भी आई थी निधन की अफवाह, हेमा मालिनी ने किया था खंडन

बीते कुछ हफ्तों में सोशल मीडिया पर कई बार धर्मेंद्र के निधन की अफवाहें उड़ी थीं। विदेश में रहने वाली उनकी बेटियों के भारत लौटने की खबरों ने लोगों को और भ्रमित कर दिया था। ऐसे में उनकी पत्नी हेमा मालिनी ने एक पोस्ट कर यह स्पष्ट किया था कि धर्मेंद्र जीवित हैं और उनकी स्थिति स्थिर है। हालांकि, आज आई खबर ने उन सभी उम्मीदों को खत्म कर दिया।

हालिया वीडियो ने फैंस को किया था भावुक

कुछ दिन पहले इंटरनेट पर धर्मेंद्र का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। उसमें वे काफी कमजोर नजर आ रहे थे और उनके परिवार के सदस्य उन्हें संभालते दिखाई दिए। यह देखकर फैंस काफी दुखी हुए थे और सोशल मीडिया पर उनके लिए दुआएं मांग रहे थे।

बॉलीवुड सितारे पहुंचे थे मुलाकात करने

धर्मेंद्र की बिगड़ती तबीयत की खबर सुनते ही कई बॉलीवुड स्टार्स उन्हें देखने पहुंचे थे। इस हफ्ते की शुरुआत में शत्रुघ्न सिन्हा अपनी पत्नी पूनम सिन्हा के साथ धर्मेंद्र से मिलने आए थे। उन्होंने हेमा मालिनी के साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था कि वे अपने “बड़े भाई” का हाल जानने पहुंचे हैं। इसके अलावा ध्रमेंद्र के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान शाहरुख खान, सलमान खान, अमीषा पटेल, आमिर खान, गोविंदा जैसे बड़े सितारे भी उनसे मिलने आए थे। इतना ही नहीं, अमिताभ बच्चन भी हाल ही में उनके घर पहुंचे थे और उनकी सेहत का हाल लिया था।

भारतीय सिनेमा का बड़ा नुकसान

धर्मेंद्र सिर्फ एक अभिनेता नहीं थे, बल्कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का एक मजबूत स्तंभ थे। “शोले”, “चाचा भतीजा”, “फूल और पत्थर”, “शोले”, “यादों की बारात”, “कटी पतंग” जैसी अनगिनत फिल्मों में उन्होंने अपनी अदाकारी से लोगों के दिलों पर राज किया। उनके जाने से एक ऐसा खालीपन बन गया है जिसे भर पाना मुश्किल है। फैंस, परिवार और फिल्म जगत के साथी कलाकार इस दुखद खबर से गहरे सदमे में हैं।