वोटिंग से पहले प्रमोद दुबे हुए मजबूत…. बसपा प्रत्याशी ने कांग्रेस को समर्थन देने का किया ऐलान

Khileshwar Sahu

प्रमोद बोले- “शुक्रिया खिलेश्वर जी, इस कदम से हमारी जीत सुनिश्चित”

रायपुर (खबरगली) रायपुर लोकसभा चुनाव मतदान के ठीक पहले भाजपा की राह अब कांग्रेस ने मुश्किल बना दी है। बहुजन समाज पार्टी प्रत्याशी खिलेश्वर साहू ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद दुबे को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस भवन में ही आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में वरिष्ठ विधायक सत्यनारायण शर्मा ने इस बात का ऐलान किया कि बसपा प्रत्याशी खिलेश्वर साहू चुनाव में प्रमोद दुबे को समर्थन देंगे। सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि खिलेश्वर साहू पार्टी की गतिविधियों से बेहद निराश हैं, वो मानते हैं कि बसपा और भाजपा जाति के नाम पर राजनीति कर रही है। इसी बात से क्षुब्ध होकर उन्होंने कांग्रेस को समर्थन देने का ऐलान किया है।
वहीं खिलेश्वर साहू ने बसपा में शामिल होने को खुद की भूल बताते हुए कहा कि वो राह भटक गये थे, जिसे अब वो इस चुनाव में सुधारना चाहते है। इसी वजह से अब वो कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के लिए मोदी जातिवाद का जहर घोल रहे हैं। हाल में प्रदेश प्रवास के दौरान मोदी के गुजरात के साहू वाले बयान पर भी खिलेश्वर बेहद नाराज नजर आये। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के तौर पर भूपेश बघेल ने बेहद ही शानदार काम किया है।
इस अवसर पर प्रभारी महामंत्री गिरीश देवांगन ने कहा कि मोदी और शाह की जोड़ी देश में जनता को बरगलाने का काम कर रही है। खिलेश्वर साहू के कांग्रेस में शामिल होने से एक अच्छा संदेश देश में जायेगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में मोदी सरकार ने कुछ नहीं किया।
वहीं प्रमोद दुबे ने कहा कि खिलेश्वर साहू के कदम से पार्टी और मजबूत होगी और पार्टी की रायपुर में जीत सुनिश्चत होगी। किसी तरह के लोभ और प्रलोभन के आधार पर खिलेश्वर साहू के पार्टी में प्रवेश को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि भाजपा जिस तरह का आडंबर फैला रही है, कांग्रेस उसका मुंहतोड़ जवाब देगी।

 वहीं इधर बसपा कार्यकर्ता कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद दुबे और खिलेश्वर साहू के खिलाफ  शिकायत करने निर्वाचन आयोग पहुंचे। बसपा के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट सदानंद मारकण्डेय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकसभा के रायपुर प्रत्याशी प्रमोद दुबे ने बसपा लोकसभा के रायपुर प्रत्याशी खिलेश्वर कुमार साहू के साथ खरीद-फरोख्त कर अपने समर्थन में कर लिया है।