रायपुर (खबरगली) छत्तीसगढ़ में आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 पुनः परीक्षा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। परीक्षा के सुचारु और सुरक्षित संचालन के लिए राज्य सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।
बैठक में परीक्षा व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात और कानून व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
19 शहरों में बनाए गए 127 परीक्षा केंद्र
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने बैठक में जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ में NEET UG 2026 री-एग्जाम का आयोजन 19 शहरों में किया जाएगा। इसके लिए कुल 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सभी मूलभूत सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था समय पर सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि परीक्षा संचालन में किसी तरह की परेशानी न आए।
परीक्षा केंद्रों का पहले से होगा निरीक्षण
मुख्य सचिव ने सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को परीक्षा से पहले परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा की जाए और किसी भी प्रकार की कमी न रहने पाए। अधिकारियों को यह भी कहा गया कि परीक्षा दिवस पर केंद्रों तक पहुंचने के लिए विद्यार्थियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष योजना तैयार करने को कहा गया है।
एयर फोर्स के जरिए पहुंचेंगे प्रश्न पत्र और OMR शीट
बैठक में बताया गया कि परीक्षा के प्रश्न पत्र और OMR शीट एयर फोर्स के माध्यम से विभिन्न जिलों तक पहुंचाए जाएंगे। इन्हें सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की होगी। मुख्य सचिव ने कलेक्टरों और एसपी को निर्देश दिए कि प्रश्न पत्रों की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
- Log in to post comments