9 अरब सालों से सबसे तेज गति से बढ़ते जा रहे सुपरमैसिव ब्लैक होल की हुई खोज

Black hole, Supermassive black hole, Mysterious space, Sun, Earth, Scientists from Australian National University, Interesting, Khabargali

यह इतना विशाल है कि एक सेकेंड में पृथ्वी के वजन के बराबर का द्रव्यमान निगल जाता है

नई दिल्ली (khabargali) अंतरिक्ष मनुष्य के लिए सदियों से इतनी बड़ी पहेली है कि मनुष्य इसका एक छोटा सा हिस्सा भी अच्छी तरह से समझ नहीं सका है। दुनिया भर के वैज्ञानिक लगातार अंतरिक्ष पर अध्ययन करते रहते हैं। यहां से आए दिन दिलचस्प जानकारियां सामने आती हैं, इसके कुछ रहस्य सुकून देते हैं वहीं कुछ डराने वाले होते हैं। करीब एक सदी पहले, अल्बर्ट आइंस्टीन ने कृष्ण विवर अर्थात ब्लैक होल के अस्तित्व की भविष्यवाणी की थी। ब्लैक होल स्पेस में ऐसे क्षेत्र होते हैं जहां गुरुत्वाकर्षण बेहद शक्तिशाली होता है। इतना शक्तिशाली कि किसी सूक्ष्म कण से लेकर प्रकाश भी इनके पार नहीं जा सकता। अब एक ऐसे ही रहस्यमय अंतरिक्ष में सबसे तेजी से बढ़ने वाले ब्लैक होल की खोज हुई है जिसका विशाल आकार डराने वाला है।

ऑस्ट्रेलियन नेशनल यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों का दावा है कि उन्होंने 9 अरब सालों से सबसे तेज गति से बढ़ते जा रहे ब्लैक होल की खोज की है। यह बहुत शक्तिशाली है। यह ब्लैक होल इतना विशाल है कि यह एक सेकेंड में पृथ्वी के वजन के बराबर का द्रव्यमान निगल जाता है। वैज्ञानिकों ने इसे सुपरमैसिव ब्लैक होल कहा है।

Space.Com की रिपोर्ट के अनुसार, यह ब्लैक होल इतना शक्तिशाली है कि इसके बढ़ने की रफ्तार हर सेकंड पृथ्वी के बराबर है। इतना ही नहीं इसका द्रव्यमान हमारे सौर मंडल के सबसे ताकतवर स्टार यानी सूर्य के द्रव्यमान से तकरीबन 3 अरब गुना ज्यादा है। वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं का कहना है कि ब्लैक होल को हमारे गृह से ही टेलिस्कोप की मदद से आसानी से देखा जा सकता है।

इस ब्लैक होल को लेकर हुई यह रिसर्च arXiv जर्नल में प्रकाशित हुई है। इस लेख के अनुसार एक खास प्रकार के तारों की खोज के दौरान यह ब्लैक होल पाया गया। रिसर्चर टीम को लीड करने वाले क्रिस्टोफर ओंकेन का कहना है कि इस तरह के किसी बड़े ऑब्जेक्ट की खोज दुनिया भर के वैज्ञानिक 50 साल से करने की कोशिश कर रहे हैं। यह कहना मुश्किल है कि अब तक यह ब्लैक होल उनकी नजरों से कैसे छूट गया।

इसी साल शोधकर्ताओं ने हमारी गैलेक्सी में Sagittarius A* नाम के ब्लैक होल की खोज की थी। आपको जानकर हैरानी होगी कि यह नया ब्लैक होल Sagittarius A* से 500 गुना ज्यादा बड़ा है। ज्यादा ताकतवर होने के साथ ही यह बाकी ब्लैक होल से ज्यादा चमकदार भी है। इतना ही नहीं यह आकाशगंगा के तारों की तुलना में 7 हजार गुना ज्यादा चमकदार है। इस रिसर्चर टीम के एक सदस्य सैमुएल लाई ने इस ब्लैक होल के बारे में बात करते हुए कहा है कि यह इतना बड़ा है कि इसमें हमारे सौरमंडल के ग्रहों की सभी कक्षाएं भी समा सकती हैं।