रायपुर (खबरगली ) छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और आईजी (IPS) रतन लाल डांगी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह बड़ी कार्रवाई सोशल मीडिया पर उनके कुछ आपत्तिजनक फोटो वायरल होने के बाद की गई है। गृह (पुलिस) विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
गरिमा के खिलाफ आचरण का आरोप
प्रारंभिक जांच में पाया गया कि IPS रतन लाल डांगी का व्यवहार उनके पद की गरिमा के अनुरूप नहीं था। उन पर नैतिकता और सेवा नियमों के उल्लंघन के साथ-साथ पद के दुरुपयोग के भी आरोप लगे हैं। शासन का मानना है कि उनकी सोशल मीडिया गतिविधियों से पुलिस विभाग की छवि धूमिल हुई है।
विभागीय जांच शुरू, मुख्यालय अटैच
अखिल भारतीय सेवा (आचरण) नियम 1968 के तहत डांगी के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। निलंबन की अवधि के दौरान उनका मुख्यालय 'पुलिस मुख्यालय (PHQ), नवा रायपुर' तय किया गया है। आदेश के मुताबिक, उन्हें बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने की पाबंदी रहेगी और नियमतः जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
- Log in to post comments