भारत का हॉकी विश्व कप 2023 में विजयी आगाज, स्पेन को 2-0 से हराया

India, Hockey World Cup 2023, winning start, beat Spain 2-0, Amit and Hardik scored goals, Sports, Khabargali

भारत के लिए अमित और हार्दिक ने किया गोल

राउरकेला (khabargali) भारत ने स्पेन को 2-0 के अंतर से मात देकर हॉकी विश्व कप 2023 में विजयी शुरुआत की है। भारतीय टीम ने राउरकेला के बिरसामुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में स्पेन की टीम को मौका नहीं दिया और मैच में लगातार अपना दबदबा बनाए रखा। भारत के लिए पहला गोल अमित रोहिदास और हार्दिक सिंह ने किया। फर्स्ट हाफ में हासिल की 2-0 की बढ़त अंत तक भारत बरकरार रखने में सफल रहा। गोलकीपर किशन पाठक ने स्पेन के गोल करने के हर मौके को नाकाम कर दिया इसी वजह से भारतीय टीम जीत दर्ज करने में सफल रही। मुकाबले में पहली गोल करने वाले अमित रोहिदास को मैन ऑफ द मैच चुना गया। भारतीय टीम जीत के साथ पूल डी में इंग्लैंड के बाद दूसरे पायदान पर पहुंच गई है।

स्पेन ने पहले हाफ के शुरुआती मिनट में भारत पर दबाव बनाने की कोशिश की। भारत को 12वें मिनट में एक पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन टीम इंडिया इस मौके को भुना नहीं सकी। इसके ठीक बाद भारत को 13वें मिनट में दूसरा पेनाल्टी कॉर्नर मिला। इस मौके को फायदा अमित रोहिदास ने उठाया और भारत के लिए पहला गोल किया। एक ड्रैग फ्लिक रिपीट करते हुए अमित रोहिदास ने पूरा दम लगाकर गेंद को गोल पोस्ट के अंदर पहुंचाया।

पहले क्वार्टर के बाद भारत ने 1-0 की बढ़त बना ली थी। दूसरे क्वार्टर का खेल शुरू होते ही भारत ने आक्रामक खेल दिखाया। भारतीय खिलाड़ी ज्यादा से ज्यादा गेंद अपने पास रख रहे थे। भारत के लिए दूसरा गोल 27वें मिनट में आया। जब भारत के मिड फील्डर हार्दिक ने तेजी से स्पेनिश खेमें की तरफ गेंद को धकेला। स्पेनिश डिफेंडर के पैर से गेंद टकराकर गेंद गोल पोस्ट में चली गई। इस गोल के बाद भारत ने पहले हाफ तक 2-0 की बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में भारत और स्पेन को कई मौके मिले, लेकिन कोई भी मौके का फायदा नहीं उठा सका। भारत के गोलकीपर और डिफेंडर्स ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। गोलकीपर पाठक ने दो गोल का बचाव किया।

Category