नई दिल्ली (खबरगली) CBSE बोर्ड परीक्षाओं के बीच सोमवार सुबह राजधानी दिल्ली के तीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट पर आ गईं और स्कूल परिसरों की जांच शुरू कर दी गई। अधिकारियों के मुताबिक, जिन स्कूलों को धमकी मिली उनमें सरदार पटेल विद्यालय और सलवान पब्लिक स्कूल शामिल हैं। बोर्ड परीक्षा को देखते हुए छात्रों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने स्कूलों की तलाशी ली, जबकि अभिभावकों और छात्रों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) के एक अधिकारी के अनुसार, सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और फायर विभाग की टीमें मौके पर भेज दी गईं। फिलहाल संबंधित स्कूल परिसरों में गहन सुरक्षा जांच जारी है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्क्रिय किया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
अब तक नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु
अधिकारियों के अनुसार, अब तक दो स्कूलों से दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) को कॉल प्राप्त हुई है। एहतियात के तौर पर छात्रों और स्टाफ को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें स्कूलों में कक्षाओं, गलियारों और आसपास के इलाकों में एंटी-सबोटाज जांच कर रही हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके। अधिकारियों ने बताया कि अब तक किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा कारणों से तलाशी अभियान जारी है। छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
सरदार पटेल विद्यालय ने अभिभावकों को भेजे संदेश में बताया कि आज सुबह स्कूल को एक सुरक्षा संबंधी धमकी मिली थी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को बुलाया गया। एहतियातन सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। संदेश में यह भी कहा गया है कि सुरक्षा एजेंसियों द्वारा परिसर को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद जूनियर कक्षाओं की पढ़ाई और सीनियर कक्षाओं की परीक्षाएं दोबारा शुरू कर दी जाएंगी।
बम होने की फर्जी अफवाहें
आपको बताते चलें कि हाल के महीनों में भी दिल्ली सहित देश के कई शहरों में स्कूलों को ईमेल के जरिए बम धमकी मिलने के मामले सामने आए हैं। हालांकि ज्यादातर घटनाओं में जांच के बाद कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला और इन्हें अफवाह या फर्जी धमकी पाया गया। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां ऐसे मामलों को बेहद गंभीरता से लेती हैं तुरंत स्कूल खाली कराना, एंटी-सबोटाज जांच, डॉग स्क्वॉड और साइबर टीम की मदद से ईमेल के स्रोत का पता लगाना जैसी कार्रवाई की जाती है। अधिकारियों का कहना है कि भले ही अधिकतर कॉल या ईमेल फर्जी निकलते हों, लेकिन छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा को देखते हुए हर अलर्ट पर पूरी सतर्कता बरती जाती है।
बम निरोधक दस्ता और एंटी सैबोटाज
एहतियात के तौर पर ऐसे मामलों में एंटी-सैबोटाज चेक किया जाता है। इस प्रक्रिया के तहत सुरक्षा एजेंसियां स्कूल परिसर के हर हिस्से कक्षाओं, लैब, स्टोर रूम, छत और पार्किंग जैसे इलाकों की बारीकी से तलाशी लेती हैं। बम निरोधक दस्ता विशेष उपकरणों की मदद से संदिग्ध वस्तुओं की जांच करता है और जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की तैयारी रखता है।
वहीं डॉग स्क्वॉड के प्रशिक्षित खोजी कुत्ते विस्फोटक पदार्थों की गंध पहचानने में अहम भूमिका निभाते हैं, जिससे जांच प्रक्रिया तेज और अधिक प्रभावी हो जाती है। अधिकारियों के मुताबिक, ऐसी सघन जांच के बाद ही परिसर को सुरक्षित घोषित किया जाता है और छात्रों-स्टाफ को दोबारा अंदर जाने की अनुमति दी जाती है।
- Log in to post comments