छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक, तेज बारिश और आंधी से गर्मी से मिली राहत, मौसम विभाग ने जारी कर दी चेतावनी

Monsoon arrives in Chhattisgarh; heavy rain and storms bring relief from the heat; Meteorological Department issues a warning. Latest News raipur news khabargali

रायपुर (खबरगली) भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे छत्तीसगढ़वासियों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश के कई जिलों में बुधवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। राजधानी रायपुर, दुर्ग-भिलाई, राजनांदगांव समेत कई शहरों में हुई बारिश से लोगों को चिलचिलाती गर्मी से बड़ी राहत मिली है।

दुर्ग-भिलाई में दिनभर तेज धूप और उमस के बाद अचानक काले बादल छा गए। इसके बाद तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहाना हो गया। वहीं राजनांदगांव में भी करीब आधे घंटे तक लगातार बारिश होती रही, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।

रायपुर में भी देर शाम मौसम ने करवट ली और शहर के विभिन्न इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग ने पहले ही प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया था।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले दो से तीन दिनों के भीतर छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर सकता है। सामान्य तौर पर मानसून प्रदेश में 12 से 15 जून के बीच पहुंचता है और इस बार भी इसके समय पर दस्तक देने की संभावना जताई जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून बस्तर संभाग के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करेगा।

विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जीपीएम, बेमेतरा, मुंगेली, सरगुजा और बलरामपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर और अन्य जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

 

 

 

 

Category