रायपुर (खबरगली ) फ्रेंडशिप डे के अवसर पर राजधानी रायपुर ने एक ऐसी अनूठी मिसाल पेश की, जिसने यह साबित कर दिया कि सच्ची दोस्ती धर्म, जाति और सामाजिक सीमाओं से कहीं ऊपर होती है। मुस्लिम इंटेलेक्चुअल फ़ोरम एवं सर्व आस्था मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित "आदर्श मित्रता सम्मान समारोह-2026" में 30 से 50 वर्षों तक दोस्ती निभाने वाले प्रेरक मित्र समूहों का सम्मान किया गया। विमतारा ऑडिटोरियम में आयोजित इस गरिमामय समारोह का उद्देश्य समाज में भाईचारा, सामाजिक समरसता, गंगा-जमुनी तहज़ीब, राष्ट्रीय एकता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करना था।
26 प्रेरक मित्रताओं की कहानियों से सजी स्मारिका का हुआ लोकार्पण
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और खान अब्दुल गफ्फार खान (सीमान्त गांधी) की ऐतिहासिक मित्रता को नमन करते हुए उनके चित्रों पर पुष्पांजलि और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद "आदर्श मित्रता सम्मान स्मारिका-2026" का लोकार्पण किया गया। इस विशेष स्मारिका में विभिन्न धर्मों और समुदायों से जुड़े 26 प्रेरणादायक मित्रों की दशकों पुरानी दोस्ती की वास्तविक कहानियों को प्रकाशित किया गया है। स्मारिका समाज को प्रेम, विश्वास, सद्भाव और इंसानियत का संदेश देती है।
30 से 50 साल की दोस्ती निभाने वाले 10 मित्र समूह हुए सम्मानित
समारोह का सबसे भावुक और प्रेरणादायक क्षण तब आया, जब 30 से 50 वर्षों तक दोस्ती निभाने वाले 10 मित्र समूहों को सम्मानित किया गया। इन मित्रों में हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सहित विभिन्न जातियों और समुदायों के लोग शामिल थे। मंच से साझा किए गए उनके जीवन के अनुभवों और संघर्षों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। कई लोगों की आंखें नम हो गईं और पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।
वक्ताओं ने कहा- ऐसा आयोजन पहली बार देखा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पत्रकार गिरीश पंकज, स्वामी बृजनाथ आनंद, बिशप विक्टर हेनरी, जनाब हसन अली, श्री नंदलाल तथा डी.आर. महापात्र ने कहा कि मित्रता को समर्पित इस तरह का आयोजन उन्होंने पहली बार देखा है। उन्होंने कहा कि केवल सम्मान तक सीमित न रहकर मित्रों की प्रेरक जीवन-कथाओं को स्मारिका के रूप में प्रकाशित करना समाज को जोड़ने की एक ऐतिहासिक पहल है।
बच्चों ने चित्रकला और स्लोगन प्रतियोगिता में दिखाई रचनात्मकता
नई पीढ़ी में मित्रता और सामाजिक सद्भाव के संस्कार विकसित करने के उद्देश्य से चित्रकला एवं स्लोगन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इंडियन पब्लिक स्कूल, होली क्रॉस स्कूल, मदर मैरी स्कूल, थेलीसियम एकेडमी, ए.पी.जे. अब्दुल कलाम एकेडमी, माता सुंदरी स्कूल, नूरानी स्कूल और इकरा स्कूल सहित आठ विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रोत्साहन स्वरूप रिटर्न गिफ्ट प्रदान किए गए।
पौधों से हुआ स्वागत, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
इस आयोजन की एक विशेष पहचान अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ के स्थान पर पौधे भेंट कर करना रहा। आयोजकों ने हरित जीवन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए समारोह को सामाजिक जिम्मेदारी से भी जोड़ा।
इन प्रमुख हस्तियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रख्यात अधिवक्ता जनाब सैय्यद फ़ैसल रिज़वी ने की। मंच संचालन सैय्यद अकील अहमद ने प्रभावशाली शैली में किया। कार्यक्रम संयोजक नज़र हसन हुसैनी ने आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। मुस्लिम इंटेलेक्चुअल फ़ोरम के सदर शकील अहमद, सचिव आबिद खान तथा सर्व आस्था मंच के मनमोहन सिंह ससहित सभी पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ पत्रकार उमाशंकर व्यास, मज़हर खान और आसिफ़ इक़बाल भी मौजूद रहे।
समारोह का संदेश
"जब रिश्तों की नींव विश्वास, सम्मान और इंसानियत पर रखी जाती है, तब मित्रता केवल दो व्यक्तियों का संबंध नहीं रहती, बल्कि समाज को जोड़ने वाला एक सशक्त आंदोलन बन जाती है।" इसी संदेश के साथ आदर्श मित्रता सम्मान समारोह-2026 ने रायपुर से पूरे समाज को प्रेम, भाईचारे और एकता का प्रेरणादायक संदेश दिया।
- Log in to post comments