हैदराबाद रेप-मर्डर केस और यूपी में रेप के बाद जिंदा जलायी गई नाबालिक पीड़िता को लेकर देश भर में फैला रोष

rape

हैदराबाद रेप और मर्डर केस में बड़ा खुलासा, दरिंदों ने योजना के तहत वारदात को दिया अंजाम

हैदराबाद में चिकित्सक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले और उत्तर प्रदेश के संभल में रेप के बाद जिंदा जलायी गई नाबालिक पीड़िता का मामला आते ही पूरे देश में ऐसी जघन्य और शर्मनाक घटना पर लोगों को गुस्सा उफान पर है..हालात ये हैं कि अखबार और टीवी न्यूज में ऐसी घटनाओं की बाढ़ सी आने लगी है.. 

हैदराबाद (khabargali) हैदराबाद की साइबराबाद पुलिस ने बुधवार को 22 साल की पशु चिकित्सक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले में शुक्रवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। हिरासत में लिए गए लोगों में एक ट्रक ड्राइवर और एक क्लीनर शामिल हैं। पुलिस को अंदेशा है कि आरोपियों ने युवती लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और बाद में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को जला दिया।

आरोपियों के कबूलनामे और एकत्र किए गए सबूतों के आधार पर, यह पता चला है कि चारों आरोपी अपराध में शामिल थे। साइबराबाद के पुलिस आयुक्त वी सी सज्जनर ने पत्रकारों से कहा कि चार आरोपियों ने बुधवार की शाम छह बजे पीड़िता को अपना दोपहिया वाहन शमशाबाद के तोंदुपल्ली टोलगेट में पार्क करते हुए देखा, उसी समय सभी ने अपराध करने की योजना बनाई थी। अपनी योजना के अनुसार, उन्होंने जानबूझकर पीड़िता की स्कूटी के पिछले टायर से हवा निकाल दी और उस समय सभी आरोपी नशे में थे।

राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया  स्वत: संज्ञान

राष्ट्रीय महिला आयोग (एनडब्ल्यूसी) ने तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के बाहरी इलाके शादनगर में सरकारी पशु चिकित्सक के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के खिलाफ शुक्रवार को स्वत: संज्ञान लिया जबकि पुलिस ने इस सिलसिले में सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने एक ट्वीट में कहा कि पीड़ति परिवार की सहायता के लिए एनडब्ल्यूसी की एक टीम हैदराबाद भेजी गई है।

सीसीटीवी विश्लेषण और चश्मदीद गवाहों की मदद से पकडाए आरोपी

सीसीटीवी विश्लेषण और चश्मदीद गवाहों की मदद से पुलिस ने इस जघन्य कांड से पर्दा उठाया है। आरोप है कि इन चारों ने मिलकर पशु चिकित्सक की हत्या से पहले उनके साथ सामूहिक बलात्कार भी किया। पुलिस ने कहा कि अभियुक्तों को अधिकतम सजा दिलाने और उनके खिलाफ तेजी से मुकदमा चलाने के लिए महबूबनगर फास्ट-ट्रैक अदालत को मामला सौंपने का अनुरोध किया जाएगा। जांच के बाद, चार आरोपियों - मोहम्मद उर्फ आरिफ (लॉरी चालक), जोलू शिवा, जोलू नवीन (दोनों सहायक) और चिंताकुंटा चेन्नेकशवुलु उर्फ चेन्ना (चालक) को शादनगर पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सभी आरोपी सभी नारायणपेट जिले के मकतल मंडल के निवासी हैं। गवाहों और सीसीटीवी के विवरण एकत्र करने के लिए 10 टीमों का गठन किया गया था। 

पीड़िता को मदद के लिए पुलिस को फोन करना चाहिए था- मोहम्मद महमूद अली

तेलंगाना के गृहमंत्री मोहम्मद महमूद अली ने शुक्रवार को कहा कि पीड़िता वेटनरी डॉक्टर को मदद के लिए अपनी बहन के बजाय पुलिस को फोन करना चाहिए था। घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मंत्री ने कहा कि युवती को चाहिए था कि वह बहन की बजाय पुलिस को फोन कर बचाने के लिए कहती। मंत्री ने कहा कि यदि कोई मदद के लिए 100 नंबर पर पुलिस को बुलाता है, तो वह तीन मिनट में पहुंच जाती है। 

रेप के बाद जिंदा जलायी गई नाबालिक पीड़िता ने दिल्ली के अस्पताल में तोड़ा दम

इधर उत्तर प्रदेश के संभल में रेप के बाद जिंदा जलायी गई नाबालिक पीड़िता ने शनिवार की सुबह दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। 9 दिन जिंदगी और मौत से लड़ी पीड़िता की हालत काफी क्रिटिकल थी और वो 85 फीसदी से ज्यादा जल चुकी थी। नाबालिक पीड़िता को 22 नवंबर को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था और तब से उसे वेंटिलेटर पर गया था।

Image removed.

बीते 21 नवंबर को संभल के नखासा थाना इलाके के सिरसी कस्बे में घर में अकेली मौजूद किशोरी के साथ पड़ोस में रहने वाले युवक ने जबरन घर से खींचकर दुष्कर्म किया था। घटना के समय किशोरी की मां दवा लेने गई गई थी। वापस आने पर किशोरी ने मां को शर्मनाक वारदात के बारे में जानकारी दी। इस पर किशोरी की मां ने जोर-जोर से युवक को भला बुरा कहने के साथ ही पुलिस कार्रवाई की बात कही।

पुलिस कार्रवाई करने की जानकारी होने पर युवक फिर किशोरी के घर पहुंचा और मां-बेटी को धमकाया। इसके बाद उसने किशोरी पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। गंभीर हालत में किशोरी को उसी रात संभल जिला अस्पताल लाया गया था जहां से उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया था। जहां पीड़िता की आज 30 नवंबर को मौत हो गई। 
पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने घटना वाले दिन की अगली सुबह घटनास्थल का निरीक्षण किया और रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपी जीशान को देर रात बिलारी तिराहा से गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी जीशान को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया था।

Related Articles